राजस्थान के राज्यपाल कल्याण सिंह ने सादगी से लखनऊ में मनाया जन्मदिन

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 05 जनवरी 2018, 7:28 PM (IST)

लखनऊ। राजस्थान के राज्यपाल कल्याण सिंह ने शुक्रवार को अपना जन्म दिन लखनऊ स्थित अपने आवास पर अपार जन समूह के साथ सादगी से मनाया। राज्यपाल को उनके जन्म दिवस की 86वीं वर्ष गाठ पर बधाई एवं शुभकामनाएं देने वालों का सुबह से देर शाम तक तांता लगा रहा। राज्यपाल जन्म दिवस की बधाई स्वीकार कीं और बधाई देने वालों का आभार व्यक्त किया।
राज्यपाल ने शुक्रवार को सुबह लखनऊ में अपने परिजनों, मित्रों व शुभचिंतकों सहित गायत्री परिवार द्वारा आयोजित हवन यज्ञ में भाग लिया। दोपहर में उन्होंने केक काटा।उनके पुत्र एवं सांसद राजवीर सिंह व पुत्रवधू प्रेमलता ने माला पहनाकर राज्यपाल सिंह को जन्म दिन पर बधाई दी। इस मौके पर राज्यपाल सिंह के पौत्र और उत्तर प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री संदीप कुमार सिंह व अन्य परिजन और बड़ी संख्या में प्रशंसक मौजूद थे।

राज्यपाल कल्याण सिंह को दूरभाष पर शुक्रवार को सुबह राष्ट्रपति श्री रामनाथ कोविंद ने जन्म दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक ने राज्यपाल सिंह के लखनऊ स्थित निवास पर जाकर पुष्पगुच्छ भेंट कर जन्म दिवस की बधाई दी।


केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह, राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे व उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने दूरभाष पर राज्यपाल को जन्म दिवस पर बधाई दी। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और दिनेश शर्मा ने राज्यपाल को पुष्प गुच्छ भेंट कर बधाई दीं।


ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे