सीएम खट्‌टर ने मोरनी में पहले हर्बल फोरेस्ट का औचक निरीक्षण किया

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 05 जनवरी 2018, 6:13 PM (IST)

चण्डीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने आज मोरनी में बन रहे प्रदेश के पहले हर्बल फोरेस्ट का औचक निरीक्षण किया। अपने इस निरीक्षण में मुख्यमंत्री ने हरड वाटिका मोरनी, अमलतास वाटिका और बेल वाटिका स्थलों पर जाकर हर्बल फोरेस्ट की कार्य प्रगति को जाना।
थापली नेचर कैम्प के निरीक्षण के दौरान मोरनी फोर्ट में बने म्यूजियम में क्षेत्र के लोगों ने मुख्यमंत्री को इस क्षेत्र के कुछ गांवों में पानी की समस्या से अवगत करवाया। इस पर तुरंत संज्ञान लेते हुए मुख्यंमत्री मनोहर लाल ने अधिकारियों को मोरनी क्षेत्र में आ रही पेयजल की समस्या के समाधान के लिए पंचायतों में जहां वर्षा के जल का भण्डारण किया जा सकता है, उन स्थानों की पहचान करने के निर्देश दिए ताकि मोरनी क्षेत्र में पीने व सिंचाई के पानी की समस्या को दूर करने के लिए डैम बनाए जा सकें।
मुख्यमंत्री ने मोरनी के पुराने किले में नवनिर्मित संग्रहालय का दौरा किया और संग्रहालय में बनी विभिन्न पशु, पक्षियों की आकृतियों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य के सभी सरकारी स्कूलों के बच्चों को संग्रहालय का भ्रमण करवाएं ताकि स्कूली बच्चों को पर्यावरण व जीव जन्तुओं के बारे में जानकारी मिल सके।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे