पुणे। भीमा कोरेगांव की लड़ाई की 200वीं वर्षगांठ से जुड़े कार्यक्रम के बाद भडक़ी हिंसा के विरोध में बुधवार को बुलाए गए महाराष्ट्र बंद को वापस ले लिया गया है। भारिप बहुजन महासंघ नेता और बी आर अंबेडकर के पोते प्रकाश अंबेडकर ने बुधवार शाम बंद को वापस लेने का ऐलान किया। प्रकाश अंबेडकर ने राज्य सरकार पर दो दिन पहले पुणे जिले के भीमा कोरेगांव गांव में हिंसा रोकने में विफल रहने का आरोप लगाते हुए बंद का आह्वान किया था। वहीं, गृह राज्य मंत्री (ग्रामीण) दीपक केसरकर का कहना है कि दलित समाज से किसी की जान नहीं गई है। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर अफवाह और भ्रामक संदेश फैलाए जा रहे हैं।
उन्होंने लोगों को इस सबसे सतर्क रहने की सलाह दी। केसरकर ने बताया कि महाराष्ट्र में स्थिति शांतिपूर्ण बनी हुई है। आपको बता दें भीमा कोरेगांव युद्ध की 200वीं वर्षगांठ के दौरान 1 जनवरी को पुणे में दलित समूहों और दक्षिणपंथी हिन्दू संगठनों के बीच संघर्ष हो गया था। भीमा-कोरेगांव युद्ध के शौर्य दिवस के आयोजन को लेकर हुई हिंसा में एक व्यक्ति की खबर के बाद जातीय हिंसा की यह आग मंगलवार को मुंबई सहित महाराष्ट्र के 18 जिलों में फैल गई थी। वहीं, महाराष्ट्र बंद ने बुधवार को हिंसक रूप ले लिया। इस वजह से मुंबई में रेल और सडक़ यातायात प्रभावित हुए। प्रदर्शनकारियों ने सिटी बसों पर हमला किया, उपनगरीय लोकल सेवाओं को रोक दिया और शहर में विभिन्न स्थानों पर सडक़ों को अवरूद्ध कर दिया।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
इससे मुंबई में जनजीवन प्रभावित हो गया। दलित समुदाय के लोगों ने उपनगरीय
चेम्बूर, घाटकोपर, कामराज नगर, विक्रोली, दिंडोशी, कांदिवली, जोगेश्वरी,
कालानगर और माहिम में प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। सैकड़ों प्रर्दशनकारियों
ने वेस्टर्न एक्सप्रेस हाइवे को अवरूद्ध करने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने
उन्हें वहां से हटा दिया। प्रदर्शनकारी हार्बर लाइन के गोवंडी, मानखुर्द और
कुर्ला स्टेशनों पर पटरियों पर आ गए, जिसके चलते पनवेल, बेलापुर और वाशी
की ओर की उपनगरीय सेवाओं को कुछ देर के लिए रोकना पड़ा। सेंट्रल लाइन के
ठाणे, भांडुप, कांजुर मार्ग, विक्रोली और घाटकोपर स्टेशनों पर भी इस तरह के
प्रदर्शनों के कारण लोकल की सेवाएं प्रभावित हुईं।
ये भी पढ़ें - वचन निभाने को लड़ते हुए दो बार दी थी इस वीर ने जान!