बूंदी। जिले में सांप्रदायिक सौहार्द बिगड़ने की परिस्थितियों को दृष्टिगत रखते हुए संभागीय आयुक्त कोटा रोहित गुप्ता ने गृह विभाग (ग्रुप -9) के आदेश के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए जिले की संपूर्ण सीमा क्षेत्र में लीजलाइन को छोड़कर 2जी, 3जी, 4जी डाटा, इंटरनेट सेवा, बल्क एसएमएस, एमएमएस, वॉट्सएप, फेसबुक, ट्विटर व अन्य सामाजिक मीडिया पर 48 घंटे के लिए अस्थायी निषेधाज्ञा लागू की है। जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला कलेक्टर शिवांगी स्वर्णकार ने यह जानकारी दी।
स्वर्णकार ने बताया कि बूंदी शहर में टाइगर हिल स्थित मानदाता छतरी पर 1 जनवरी को कुछ संगठनों के पूजा-अर्चना के आह्वान एवं सोशल मीडिया पर इस संबंध में फैलाई जा रही टिप्पणियों, अफवाहों से कानून-व्यवस्था प्रभावित होने के साथ सांप्रदायिक सद्भाव बिगड़ने की आशंका है। उन्होंने बताया कि प्रतिबंधात्मक आदेश की अवहेलना करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। यह आदेश 31 दिसंबर 2017 को सुबह 6 से 2 जनवरी, 2018 को सुबह 6 बजे तक जिले में प्रभावी रहेगा।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे