महिला सफाई कर्मचारियों का स्वागत किया, दिक्कत दूर की

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 06 दिसम्बर 2017, 7:07 PM (IST)

जयपुर। महापौर डॉ. अशोक लाहोटी के निर्देश पर नगर निगम जयपुर द्वारा बुधवार को एक नई पहल की गई। नगर निगम जयपुर द्वारा सिविल लाइन जोन के वार्ड नंबर 30 और वार्ड नंबर 21 की महिला सफाई कर्मचारियों का सम्मान किया गया। उल्लेखनीय है कि नगर निगम जयपुर की महिला सफाई कर्मचारी पहले झुंड में काम करती थीं तथा घास की झाड़ू से सफाई करती थीं। इस काम में उन्हें बार-बार झुकना पड़ता था तथा कम दूरी तक ही सफाई होने के साथ-साथ उनकी क्षमताओं पर भी बुरा असर पड़ता था। वे जल्दी थक जाती थीं। इससे सफाई भी ढंग से नहीं हो पाती थी। कर्मचारियों के इस दुख को महापौर डॉ. अशोक लाहोटी ने समझा तथा उपायुक्त सिविल लाइन जोन श्री रामरतन शर्मा और उपायुक्त स्वास्थ्य प्रथम नवीन भारद्वाज को इस समस्या के निराकरण के निर्देश दिए। इसके बाद अब सिविल लाइन जोन की महिला सफाई कर्मचारियों को बम्बू झाड़ू दी गई है, जिसमें नारियल की सींकें तथा बम्बू का हत्था होता है। इस हत्थे की मदद से महिला सफाई कर्मचारी बिना झुके हुए अच्छी तरह से सफाई कर पाती हैं। इसके अलावा उन्हें काम के दौरान थकान भी महसूस नहीं होती है। अब उन्हें सफाई के लिए एक निश्चित लंबाई दी गई है तथा प्रत्येक लंबाई के लिए पृथक-पृथक सफाई कर्मचारी नियुक्त किए गए हैं। इस व्यवस्था से सफाई कर्मचारी कम समय में बिना थके हुए अधिक क्षमता से श्रेष्ठ सफाई कर पा रहे हैं तथा उन्हें अपने काम में स्वतः स्फूर्त संतुष्टि भी मिल रही है। इससे महिला कर्मचारियों का आत्मविश्वास भी बढ़ा है। यह सम्मान स्वच्छ भारत मिशन के लिए उनके स्वतः स्फूर्त उत्साह और समर्पण के लिए किया गया। इस कार्यक्रम में उपायुक्त सिविल लाइन जोन रामरतन शर्मा और उपायुक्त स्वास्थ्य प्रथम नवीन भारद्वाज ने महिला सफाई कर्मचारियों को पुष्प गुच्छ भेंटकर हौसला अफजाई की और उनका सम्मान किया। इस अवसर पर महिला सफाई कर्मचारियों को माला भी पहनाई गई। मुख्य रूप से महिला सफाई कर्मचारी किरण, ऊषा, बबली, भंवरी, गुड्डी, केसरी, सोना, अंजू, कमलेश, शालू आदि का विशेष रूप से सम्मान किया गया।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे