उत्तर प्रदेश में छाए रहे बादल, तापमान बढ़ा

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 06 दिसम्बर 2017, 12:46 PM (IST)

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ व आसपास के जिलों में आंशिक बदली छाने के कारण रात का तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ गया। मौसम विभाग के अनुसार हालांकि, तेज हवाओं की वजह से बारिश होने की संभावना न के बराबर है।

मौसम विभाग के निदेशक जे पी गुप्ता के मुताबिक, मंगलवार रात को पारा 13.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सोमवार रात को न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। अगले दो तीन दिनों तक बारिश होने की भी उम्मीद नहीं है।

गुप्ता ने बताया कि दिल्ली, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के आसपास के क्षेत्रों में निम्न वायुदाब का क्षेत्र बना हुआ है। इससे इन इलाकों में बारिश हो सकती है। पहाड़ों पर बारिश की वजह से यहां भी तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है।

उन्हाेंने बताया कि हवाओं की तेज रफ्तार की वजह से धुंध की स्थिति नहीं बन रही है।

मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को लखनऊ का न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किये जाने का अनुमान है।

लखनऊ के अतिरिक्त बुधवार को गोरखपुर का न्यूनतम तापमान 11 डिग्री, कानपुर का 12.2 डिग्री, इलाहाबाद का 13.1 डिग्री, झांसी का 14 डिग्री और बनारस का 11.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे