दूसरा टेस्ट : विजय-पुजारा के शतकों की मदद से श्रीलंका पर भारत हावी

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 25 नवम्बर 2017, 11:16 AM (IST)

नागपुर। भारत ने यहां विदर्भ क्रिकेट संघ (वीसीए) स्टेडियम में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन शनिवार का खेल खत्म होने तक श्रीलंका के खिलाफ अपनी पहली पारी में 98 ओवरों में दो विकेट खोकर 312 रन बना लिए हैं। इसी के साथ उसने मेहमान टीम पर 107 रनों की बढ़त ले ली है। भारतीय गेंदबाजों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका को पहले दिन 205 रनों पर ही ढेर कर दिया था। स्टम्प्स तक चेतेश्वर पुजारा 121 रन बनाकर नाबाद हैं।

उन्होंने 284 गेंदों में 13 चौके लगाए। पुजारा के साथ कप्तान विराट कोहली 70 गेंदों पर छह चौकों की मदद से 54 रन बनाकर विकेट पर खड़े हुए हैं। इन दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए अभी तक 96 रनों की साझेदारी हो चुकी है। भारत ने तीसरे दिन मुरली विजय (128) के रूप में अपना एकमात्र विकेट खोया। उन्होंने 221 गेंदों का सामना करते हुए 11 चौके और एक छक्का लगाया। विजय और पुजारा ने दूसरे विकेट के लिए 209 रनों की साझेदारी की।

रंगना हेराथ व लाहिरू गमागे ने 1-1 विकेट लिया है। भारत ने सुबह पारी 11/1 रन से आगे बढ़ाई। इससे पहले श्रीलंका की पहली पारी 205 रन पर ही सिमट गई थी। कप्तान दिनेश चांडीमल (57) व दिमुथ करुणारत्ने (51) ने अर्धशतक जमाए। रविचंद्रन अश्विन ने चार, रवींद्र जडेजा व ईशांत शर्मा ने 3-3 विकेट चटकाए।


ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे