‘आज के दौर में महिलाओं के लिए प्रेरणा स्रोत है रानी लक्ष्मी बाई’

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 18 नवम्बर 2017, 7:58 PM (IST)

बारां। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की बारां नगर इकाई ने रानी लक्ष्मी बाई की जयंती से एक दिन पूर्व शनिवार को एमीनेन्ट गर्ल्स कॉलेज में नारी शक्ति दिवस मनाया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सारिका सिंह चौहान पूर्व जिला प्रमुख, मुख्य वक्ता अभाविप के जिला प्रमुख सोनू गौतम थे। अध्यक्षता मंजू गर्ग समाज सेविका ने की। विशिष्ट अतिथि सुधीर शर्मा व छात्रासंघ अध्यक्ष यशी शर्मा मंचासीन रहे।

अभाविप के नगर मंत्री देवेन्द्र सिंह हाड़ा ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती व स्वामी विवेकानन्द, झांसी की रानी के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलित कर की गई। वहीं विशिष्ट अतिथि सुधीर शर्मा ने बताया कि आज की नारी का सफर चुनौती भरा जरूर है, पर आज उसमें चुनौतियों से लड़ने का साहस आ गया है। अपने आत्मविश्वास के बल पर आज वह दुनिया में अपनी अलग पहचान बना रही है। आज की नारी आर्थिक व मानसिक रूप से आत्मनिर्भर है।

वीरता और शौर्य की बेमिसाल रानी

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता सोनू गौतम ने कहा कि महिला सशक्तीकरण के इस दौर में युवतियों और महिलाओं के लिए रानी लक्ष्मी बाई से अधिक बड़ा प्रेरणा स्रोत और कौन हो सकता है, जिन्होंने पुरुषों के वर्चस्व वाले काल में महज 23 वर्ष की आयु में ही अपने राज्य की कमान सम्भाले हुए अंग्रेजा के दांत खट्टे कर दिए थे।

हम किसी से कम नहीं : चौहान



ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

अभाविप के कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सारिका चौहान ने कहा कि चुनौतियों का स्वागत करने वाली महिलाएं आज हर क्षेत्र में अपना लोहा मनवा रही हैं तथा अपनी जिंदगी के महत्वपूर्ण फैसले ही ले रही हैं। अपनी क्षमताओं से महिलाओं ने आज पुरुषों को पीछे छोड़ते हुए परिवार व समाज में अलग पहचान बनाई है और आत्मनिर्भर बनकर आज महिला बाजार की हर चुनौती का सामना कर रही हैं।

इस दौरान अभाविप के विभाग सहसंयोजक बृजेश यदुवंशी, जिला संयोजक निशांत तिवारी, जिला सहसंयोजक कोमल मीणा, पूर्व विभाग संयोजक योगेश गौतम, नगर अध्यक्ष धर्मेन्द्र मेघवाल, नगर मंत्री देवेन्द्र सिंह हाड़ा, एस.एफ.डी. नगर संयोजक योगेश शर्मा आदि पदाधिकारी मौजूद रहे।


ये भी पढ़ें - खौफ में गांव के लोग, भूले नहीं करते ये काम