दिव्यांग खिलाड़ियों की जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता 25 नवम्बर को

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 18 नवम्बर 2017, 4:44 PM (IST)

धर्मशाला। जिला युवा सेवा एवं खेल अधिकारी संजय शर्मा ने जानकारी देते हुये बताया कि युवा सेवा एवं खेल विभाग हिमाचल प्रदेश, प्रदेश के विशेष खिलाड़ियों के लिए जिला व राज्य स्तर पर खेल प्रतियोगतियों का आयोजन करवाने जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिला कांगड़ा में भी जिला स्तर पर 25 नवम्बर, 2017 को धर्मशाला के इन्डोर स्टेडियम में दिव्यांगों के लिए खेल प्रतियोगिता का आयोजन करवाया जाएगा।

शर्मा ने बताया कि जिला कांगड़ा के 13 से 17 आयु वर्ग तथा 18 से 35 आयु वर्ग के दिव्यांग लड़के एवं लड़कियां इस प्रतियोगिता में भाग ले सकते हैं। उन्होंने बताया कि 13 से 17 वर्ष की आयु के मानसिक रूप से विकलांग लड़के व लड़कियाें के लिए बॉची व 100 मीटर दौड़, शारीरिक रूप से अक्षम लड़के व लड़कियाें हेतु 50 मीटर की ‘रेस एसिसटड वॉक’ व सॉफटवाल थ्रो, नेत्रहीन लड़के व लड़कियाें के लिए रस्सी कूद तथा 100 मीटर तेज चाल, सुनने में अक्षम लड़के व लड़कियाें के लिए 100 मीटर दौड़ व लम्बी छलांग, बैडमिंटन सिंगल तथा 18 से 35 वर्ष आयु के पुरूषों व महिलाओं के लिए 100, 200 तथा 400 मीटर दौड़ का आयोजन किया जाएगा।

उन्होंने सम्बन्धित संस्थानों से जिला में खण्ड स्तर पर प्रतिनियुक्त ब्लॉक संसाधन समन्वयकों के माध्यम से उत्कृष्ट 35 विशेष खिलाड़ियों को 25 नवम्बर, 2017 को प्रातः 9.30 बजे तक इन्डोर स्टेडियम धर्मशाला में खेल प्रतियोगिता में भाग लेने हेतु भेजने का आग्रह किया है।

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में चयनित खिलाड़ी 2 व 3 दिसम्बर, 2017 को जिला मण्डी में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिला का प्रतिनिधित्व करेंगे। उन्होेंने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को आने-जाने का साधारण बस किराया, दैनिक भत्ता तथा आहार सम्बन्धित विभाग द्वारा उपलब्ध करवाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता से सम्बन्धित किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए कार्यालय के दूरभाष नम्बर 01892-222317 पर सम्पर्क किया जा सकता है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे