जयपुर। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग एवं राज्य पीसीपीएनडीटी सैल की ओर से प्रदेश में डॉटर्स आर प्रीसियस अभियान के अंतर्गत 17 नवंबर को एक साथ सभी 33 जिलों में लगभग 700 शिक्षण संस्थानों में सुबह 10 से 12 बजे तक राजस्थान में वृहद् स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर सवा लाख से अधिक युवाओं को बेटी बचाओ का संदेश दिया जाएगा।
अध्यक्ष राज्य समुचित प्राधिकारी पीसीपीएनडीटी एवं मिशन निदेशक नवीन जैन ने बताया कि भ्रूण लिंग जांच तथा कन्या भ्रूण हत्या के विरुद्ध समाज को जागरुक करने के लिए एवं समाज के लोगों का विभाग से जुड़कर जागरूकता लाने का कार्य करना जरूरी है। इसी उद्देश्य से इच्छित व्यक्तियों से कार्यक्रम में जुड़ने की अपील की गई। विभिन्न चरणों में 850 से अधिक डैप रक्षकों को प्रशिक्षित किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण प्राप्त ये डैप रक्षक प्रभावी तरीके से प्रजेंटेशन, वीडियो फिल्मों के माध्यम से युवाओं को बेटी बचाओ का संदेश देंगे।
जैन ने बताया कि राजस्थान राज्य में बाल लिंगानुपात लगातार गिरने के कारण चिंताजनक स्थिति बन गई थी। सन 1981 में बाल लिंगानुपात 1000 लड़कों पर 954 लड़कियां थीं, जो 30 वर्षों में गिरते हुए 2011 की जनगणना में केवल 888 रह गया। इसी बीच 1994 में पीसीपीएनडीटी अधिनियम, 1996 में इसके नियम तथा 2003 में आवश्यक संशोधन होने के बाद भी कन्या भ्रूण हत्या के कारण बाल लिंगानुपात में गिरावट जारी रही। लड़कियों में 6 वर्ष तक आयु की संख्या का भारी मात्रा में कम होना यह साबित कर रहा था कि समाज में जागरूकता के साथ साथ सख्ती से कानून के पालन की गहन आवश्यकता है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग के पीसीपीएनडीटी अनुभाग ने यह बीड़ा उठाया।
मिशन निदेशक ने बताया कि राजस्थान देश का पहला ऐसा राज्य जहां प्रत्येक सोनोग्राफी मशीन के साथ सोनोग्राफी की फिल्म रिकॉर्डिंग के लिए एक्टिव ट्रेकर लगाया जाना आवश्यक है। अब सोनोग्राफी केन्द्रों को मशीन पर जीपीएस लगाना भी अनिवार्य कर दिया गया है। राजस्थान देश का पहला राज्य है, जहां सभी सातों संभागों में पीसीपीएनडीटी न्यायालय कार्यरत है एवं पीसीपीएनडीटी ब्यूरो आफ इन्वेस्टीगेशन पुलिस थाना कार्यरत है। इस वर्ष अक्टूबर माह में यह निर्णय लिया गया कि अधिक से अधिक युवाओं तक कन्या भ्रूण हत्या के विरुद्ध आवश्यक तथ्य पहुंचाने के लिए इस प्रकार के संवाद युद्ध स्तर पर किए जाने आवश्यक हैं। इसलिए डीएपी रक्षक की अवधारणा पर कार्य किया गया।
जैन ने बताया कि वालेंटियर्स में 70 वर्ष के सेवानिवृत्त प्रोफेसर से लेकर 20 वर्ष तक के नर्सिंग छात्र ने कार्यक्रम में प्रशिक्षण लिया है। जिसमें उद्यमी, होटल व्यवसायी, अधिवक्ता, कॉलेज शिक्षा के लेक्चरर, चिकित्सा विभाग के नर्स से लेकर उच्च पदों पर आसीन अधिकारी तथा विभिन्न संस्थानों में अध्ययनरत छात्र/छात्राएं भी भागीदारी कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे