महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन एवं सशक्तिकरण के लिए प्रयास करें-रंगा

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 15 नवम्बर 2017, 4:37 PM (IST)

बीकानेर। हमारी संस्कृति में नारी का सम्मानजनक स्थान है। हमें समाज की महिलाओं के आर्थिक स्वावलम्बन एवं सशक्तिकरण के सच्चे मन से प्रयास करने चाहिए। यह बात जनजीवन कल्याण सेवा समिति के अध्यक्ष एन.डी.रंगा ने कही। मौका था जनजीवन कल्याण सेवा समिति महिला प्रकोष्ठ द्वारा ‘महिलाओं के आर्थिक स्वावलम्बन एवं सशक्तिकरण’ पर संगोष्ठी का। इसमें उपस्थित वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किए।

इस मौके पर समिति के महासचिव डॉ.एम.एल.व्यास ने बताया कि समिति द्वारा महिलाओं के लिए सिलाई, ब्यूटिशियन, मेहंदी प्रशिक्षण के शिविर आगामी माह आयोजित किए जाएंगे। व्यास ने बताया कि आगामी माह समिति के 37वें वार्षिकोत्सव में नगर की प्रतिभाओं का सम्मान किया जाएगा।

कार्यक्रम में कुशल मंच संयोजक संस्कृतिकर्मी अशफाक कादरी ने कहा कि प्रशिक्षण शिविर में अधिक से अधिक उन गरीब परिवारों को जोडने का प्रयास करना चाहिए जिनके यहां दो वक्त की रोटी बमुश्किल जुटाई जाती है। शिविर का आयोजन झुग्गी-झौंपडी की तरफ होना चाहिए जिससे गरीब परिवार की बच्चियां शिविर में हुनरमन्द होकर परिवार का भरण-पोषण कर सके।

कवि-कथाकार राजेन्द्र जोशी ने कहा शिविर का लाभ समाज के प्रत्येक गरीब परिवारों तक पहुंचना चाहिए। चन्द्रशेखर जोशी, राजाराम स्वर्णकार, डॉ.अजय जोशी, खेल प्रशिक्षक मंगलचन्द रंगा, ब्रजगोपाल जोशी, मंजूर अली चन्दवानी, नागेश्वर जोशी, एडवोकेट हीरालाल हर्ष, श्यामसुन्दर चूरा, गिरीराज पारीक, भक्तिराम पांडे, नेमचन्द गहलोत, श्यामसुन्दर पांडे, शिवशंकर शर्मा ने भी संस्था द्वारा आयोजित किए जाने वाले आगामी शिविरों पर अपने विचार प्रकट किए। महिला प्रकोष्ठ कार्यकारिणी का गठन संगोष्ठी के पश्चात समिति की महिला प्रकोष्ठ कार्यकारिणी का गठन किया गया जिसमें डॉ.मधुरिमासिंह अध्यक्ष, डॉ.प्रीति गुप्ता कार्यकारिणी अध्यक्ष, डॉ.सुषमा बिस्सा, सुमन औझा उपाध्यक्ष, सरोज औझा संगठन मंत्री, जमुना सेवग प्रचार मंत्री मनोनीत किए गए।

कार्यकारिणी में जानी देवी गहलोत, सुधा आचार्य संरक्षक बनाए गए। खेल प्रशिक्षक चूरा का होगा सम्मान सक्रिय सकारात्मक सहयोग को ध्यान में रखते हुए समिति ने आगामी माह खेल प्रशिक्षक श्यामसुन्दर चूरा का सम्मान नगर की विभिन्न संस्थाओं के साथ मिलकर करने का निर्णय लिया। धन्यवाद ज्ञापन सलाहकार मंडल के वरिष्ठ सदस्य गिरीराज पारीक ने किया।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे