शिक्षक श्रेष्ठ नागरिकों का निर्माण कर श्रेष्ठ भारत को बनाएं-राज्यपाल

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 11 नवम्बर 2017, 7:16 PM (IST)

चण्डीगढ। हरियाणा के राज्यपाल प्रो0 कप्तान सिंह सोलंकी ने कहा कि राष्ट्र तब तक श्रेष्ठ नहीं होगा जब तक उसमें रहने वाले नागरिक श्रेष्ठ नहीं होंगे। श्रेष्ठ नागरिक बनाने का काम शिक्षकों का है, इसलिए शिक्षक श्रेष्ठ नागरिकों का निर्माण कर श्रेष्ठ भारत को बनाएं, यही उनका देश के लिए सच्चा योगदान होगा।
ये उद्गार उन्होंने आज यहां भारतीय विद्या भवन के प्राचार्याें को सम्बोधित करते हुए व्यक्त किए। ये प्राचार्य चार दिवसीय प्राचार्य सम्मेलन में देशभर से चण्डीगढ पधारे हैं और राज्यपाल ने इन्हें राजभवन में जलपान के लिए आमंत्रित किया था।
राज्यपाल ने प्राचार्याें का राजभवन में स्वागत करते हुए कहा कि शिक्षाविदों को जलपान पर आमंत्रित करना तो एक बहाना है, असल मकसद तो शिक्षकों का आदर करना है। उन्होंने कहा कि मैं स्वयं शिक्षक रहा हूं, इसलिए शिक्षकों के महत्व को समझ सकता हूं। शिक्षक तो भगवान श्रीकृष्ण की भूमिका निभाते हैं जिन्होंने शिक्षक बनकर अर्जुन में परिवर्तन लाया था। उसी तरह कर परिवर्तन शिक्षक भी बच्चों में लाता है।
इससे पहले भारतीय विद्या भवन चण्डीगढ केन्द्र के अध्यक्ष आर0 के0 साबू ने संस्था का परिचय दिया और शिक्षकों को राजभवन आमंत्रित कर उनका मान बढाने के लिए धन्यवाद किया।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे