एक्शन थ्रिलर और सस्पेंस से भरपूर है ‘इत्तेफाक’

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 03 नवम्बर 2017, 4:22 PM (IST)

फिल्म : इत्तेफाक
निर्माता : करण जौहर, गौरी खान, अभय चोपडा
निर्देशक : अभय चोपडा
कलाकार : सिद्धार्थ मल्होत्रा, सोनाक्षी सिन्हा, अक्षय खन्ना


सिद्धार्थ मल्होत्रा की एक्शन थ्रिलर फिल्म ‘इत्तेफाक’ आज शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। यह फिल्म 1969 की फिल्म इत्तेफाक की पुन: निर्मित फिल्म है जिसका निर्देशन यश चोपडा ने किया था, जो उस समय की सस्पेंस थ्रिलर फिल्मों में से काफी सफल फिल्म बनी थी। आपको बता दें कि यह फिल्म 1965 की अमेरिकन फिल्म साइनपोस्ट टू मर्डर की रीमेक थी, जिसे इसके पहले गुजराती ड्रामा धुमास के लिए अडॉप्ट किया गया था। अब लगभग 48 साल के बाद उसी इत्तेफाक को अभय चोपड़ा ने नए अंदाज में पेश करने की कोशिश की है। इस फिल्म में सिद्धार्थ मल्होत्रा, सोनाक्षी सिन्हा और अक्षय खन्ना मुख्य किरदार में है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

कहानी :-
फिल्म की कहानी विक्रम सेठी (सिद्धार्थ मल्होत्रा) और माया (सोनाक्षी सिन्हा) के इर्द गिर्द घूमती है। विक्रम की पत्नी कैटरीन (किंबरली लूइसा मैकबेथ) की मौत हो जाती है। वहीं, दूसरी ओर इसी रात माया के पति का मर्डर भी हो जाता है। इन दोनों पर ही पुलिस को हत्या करने का शक है। हालांकि ये दोनों ही खुद को बेकसूर बता रहे हैं। इन दोनों केस की जांच पड़ताल पुलिस अधिकारी देव (अक्षय खन्ना) कर रहे हैं। माया और विक्रम के पास देव को सुनाने के लिए अलग अलग कहानियां है। माया, विक्रम पर आरोप लगाती है कि वह उनके घर में जबरदस्ती घुस गया। वहीं दूसरी ओर विक्रम का कहना है कि उसकी कार का एक्सीडेंट हो गया था और वह माया के पास मदद मांगने के लिए गया था। लेकिन माया का व्यवहार उनके साथ काफी दोस्ताना था। अब दोनों ही इंस्पेक्टर देव के सामने अपनी अपनी कहानियां सुनाकर यह साबित करना चाहते हैं कि वे बेकसूर हैं। क्या देव सच का पता लगाकर अपराधी को जेल पहुंचा पाएगा। माया और विक्रम ने खून नहीं किया तो ... खूनी कौन है। सच जानने के लिए आपको सिनेमाघरों में जाकर फिल्म देखनी होगी।

डायरेक्शन:-
फिल्म की कहानी काफी दिलचस्प है कि 2 मर्डर होते हैं और कातिल कौन हो सकता है इसका समा बांधने के लिए डायरेक्टर ने कोई कमी नहीं छोड़ी है और 2 घंटे से कम की यह फिल्म आप को सीट पर बांधे रहने में कामयाब रहती है। हालांकि, फिल्म में आखिर तक दर्शक सोचने को मजबूर रहता है कि कातिल कौन हैं। जिन लोगों ने पुरानी इत्तेफाक देखी है उन्हें पता होगा कि फिल्म की कहानी क्या है।

एक्टिंग:-
फिल्म में अक्षय ने एक बार फिर से अपनी बेहतरीन अदाकारी से खुद को साबित किया है। ज्यादातर सीन्स उन्हीं पर फिल्माए गए हैं। उन्हें इस फिल्म की एक मजबूत कड़ी माना जा सकता है, जो अंत तक दर्शकों को फिल्म के साथ जोड़े रखने में सफल होते हैं। सिद्धार्थ मल्होत्रा और सोनाक्षी सिन्हा की परफॉर्मेंस और बेहतर हो सकती थी। सिद्धार्थ ने अपनी पिछली फिल्मों में ज्यादा बेहतर अभिनय किया है। दोनों की ही एक्टिंग में ठहराव देखने को नहीं मिला।