तीन दिन के दौरे पर गुजरात पहुंचे राहुल गांधी, मिलेंगे किसानों-व्यापारियों से

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 01 नवम्बर 2017, 10:13 AM (IST)

गांधीनगर। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी अपने तीन दिन के दौरे पर गुजरात पहुंच गए हैं। राहुल गांधी सुबह वडोदरा पहुंचे। ज्ञातव्य है कि गुजरात का किला फतेह करने में कांग्रेस कोई कसर नहीं छोडना चाहती। इसी क्रम में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी आज से तीन दिन के गुजरात दौरे पर हैं। राहुल गांधी यहां कांग्रेस की नवसृजन यात्रा में शामिल होंगे। नवसृजन यात्रा के दौरान राहुल गांधी गुजरात के भरूच, तापी, वलसाड, नवसारी और सूरत जाएंगे। इस दौरान वे रैलियों और नुक्कड सभाओं को संबोधित करेंगे। साथ ही राहुल गांधी गुजरात के व्यापारियों और किसानों के साथ भी चर्चा करेंगे।

अपने दादा के गृह जिले से करेंगे शुरूआत:

राहुल गांधी भरुच से अपने दौरे की शुरूआत करेंगे। ज्ञातव्य है कि भरुच राहुल गांधी के दादाजी फिरोज गांधी का गृह जिला है। फिरोज गांधी का बचपन भरुच में ही बीता था। फिरोज गांधी भरुच से ही मुंबई गए थे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

इसके साथ ही भरुच कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के राजनीतिक सलाहकार अहमद पटेल का भी गृह जिला है। राहुल गांधी सुबह 11 बजे भरुच के जंबुसर सिटी ग्राउंड में नुक्कड सभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद वे दोपहर को जमीन अधिग्रहण से प्रभावित किसानों से मुलाकात करेंगे। दोपहर 3.30 बजे भरूच के अंकलेश्वर में वालिया चौकड़ी में नुक्कड़ सभा को भी संबोधित करेंगे। इसके अलावा राहुल गांधी सूरत के जांखवाव गांव और मांडवी में भी नुक्कड सभाओं को संबोधित करेंगे।

ये भी पढ़ें - धुंध से परेशान हैं, हिमाचल की पहाडियों का रूख करें