हरियाणा में पीने का पानी नगर निगम देगा, कवायद तेज

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 28 अक्टूबर 2017, 5:33 PM (IST)

चंडीगढ़। हरियाणा के नगर निगम क्षेत्रों में जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के माध्यम से दी जा रही जनसुविधाओं को नगर निगमों को सौंपने की कवायद तेज कर दी गई है। इसके लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने एक उच्च स्तरीय उपसमिति के गठन को मंजूरी प्रदान की है, जो नगर निगमों में जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के स्टाफ, बजट, जनसुविधाओं को स्थानांतरित किए जाने की प्रक्रिया की निगरानी करेगी। इस प्रक्रिया के पूरा होने तक उपसमिति यह सुनिश्चित करेगी कि इन क्षेत्रों में आमजन को इन सहूलियतों को हासिल करने में परेशानी का सामना न करना पडे। शहरी स्थानीय निकाय मंत्री कविता जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश के नगर निगमों में पीने के पानी, गंदे पानी की निकासी से लेकर सीवरेज प्रबंधन की जिम्मेदारी देने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। अब तक जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा निगम क्षेत्रों में दी जा रही इन सुविधाओं को जल्द ही नगर निगम के माध्यम से मुहैया कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस संबंध में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने एक उच्च स्तरीय समिति के गठन को मंजूरी प्रदान की है। नगर निगम क्षेत्रों में जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के स्टाफ, बजट तथा जनसुविधाओं के संचालन के लिए जिम्मेदारी सौंपने की प्रक्रिया को तेजी से पूरा कराने के लिए जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के मुख्य अभियंता की अध्यक्षता में उपसमिति का गठन किया गया है। मंत्री कविता जैन ने बताया कि उपसमिति में जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के मुख्य अभियंता (प्रोजेक्ट), मुख्य अभियंता (शहरी), शहरी स्थानीय निकाय विभाग के मुख्य अभियंता, मुख्य अभियंता नगर निगम करनाल, मुख्य अभियंता नगर निगम फरीदाबाद, अधीक्षण अभियंता जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को सदस्य के तौर पर शामिल किया गया है। उन्होंने बताया कि नगर निगम करनाल और नगर निगम सोनीपत अगले 6 महीने में इन जनसुविधाओं की जिम्मेदारी संभाल लेंगी, जबकि उपसमिति अन्य सभी 8 नगर निगम क्षेत्र में विभागीय स्टाफ को स्थानांतरित करने, बजट स्थानांतरित करने के साथ-साथ उन क्षेत्र के लोगों को पीने के पानी, गंदे पानी, बरसाती पानी की निकासी और सीवरेज व्यवस्था को बेहतर किए जाने की निगरानी करेगी। उन्होंने बताया कि अन्य निगमों में अमु्रत योजना के प्रोजेक्ट पूरे होने से पूर्व नगर निगम जिम्मेदारी लेंगे और आमजन को बेहतर सुविधा मिले, यह सुनिश्चित करेंगे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे