बुजुर्ग दंपती की हत्या करने वाला आरोपी गिरफ्तार, प्रोपट्री के लालच में दस्तावेजों पर किए शव के अगूंठे से निशान

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 27 अक्टूबर 2017, 9:30 PM (IST)

जयपुर। राजधानी में साल-2016 में हुए दोहरे हत्याकाण्ड के मामले मेें फरार चल रहे आरोपी को विश्वकर्मा थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस मामले में आठ आरोपियों को पहले गिरफ्तार कर चुकी है। गिरफ्तार आरोपी एक साल से फरार चल रहा था। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी अजय कुमार मीणा उर्फ अजय मीणा है। आरोपी रायसणा थाना गढ़मोरा करौली का रहने वाला है।

पुलिस के मुताबिक मुखबिर के जरिए मिली सूचना पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। साल-2016 में 21 अक्टूबर में सेंट्रल कॉलोनी रोड नंबर-9 निवासी कैलाश चन्द कुमावत ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। कुछ लोगों ने प्रोपट्री को लेकर उसके पिता प्रभाती लाल और मां सरजूदेवी की हत्या कर दी।

इस पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रामजी लाल उर्फ रामजी, हेमराज गुर्जर, राजेन्द्र कुमार अर्फ राजू, प्रेम सिंह, प्रहलाद पारीक अर्फ सोनू, देवराज अर्फ धोले गुर्जर, धर्मराज मीना और प्रकाश जाट को गिरफ्तार किया था। लेकिन आरोपी अजय फरार होने में कामयाब हो गया था।

21 अक्टूबर, 2016 में दस आरोपियों ने प्रोपटी के कूटरचित दस्तावेजों को तैयार करने के लिए बुजुर्ग दंपती प्रभाती लाल उसकी पत्नी एवं उनके मंदमुद्धि छोटे बेटे अमरचंद को क्लोरोफोम सुघां कर बेहोश कर दिया था। आरोपियों ने उसके बाद उनके हाथों के अंगूठों से प्रोपट्री के कागजों पर निशान लगा लिए थे।

यहीं नहीं आरोपियों ने बुजुर्ग दंपती की गला घोंटकर हत्या कर दी और मंदबुद्धि को जिंदा छोड़कर फरार हो गए थे। पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई तो आरोपी संदिग्ध पाए गए और घटना वाले दिन इलाके में देखे गए थे। इसके बाद पुलिस ने शक के आधार पर इन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की तो आरोपियों ने हत्या की बात कबूल कर ली।

इस हत्या काण्ड के मामले में दसवां आरोपी जावता चैमूं निवासी लालचंद अभी भी फरार चल रहा है। पुलिस इस आरोपी की तलाश कर रही है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे