नींदड़ में जमीन अवाप्ति मामले में जेडीए-किसानों में ठनी

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 23 अक्टूबर 2017, 09:58 AM (IST)

जयपुर। नींदड़ में जमीन अवाप्ति के मामले में जेडीए-किसान आमने- सामने हो गए हैं। नींदड़ आवासीय योजना के लिए जेडीए ने समर्पित हो चुकी, सरकारी मंदिर माफी की जमीन पर कब्जा लेने की कार्यवाही शुरू कर दी है। जमीन पर कब्जा लेने की प्लानिंग पर आज फैसला होना है। पहले जेडीए कमिश्नर के विदेश जाने के कारण निर्णय नहीं हो पाया था।

वहीं किसानों की संघर्ष समिति भी जेडीए की हर गतिविधि पर नजर रखे हुए है। किसानों की ओर से जबरन कब्जा लेने की स्थिति में मुकाबला करने की तैयारी कर ली है। हालांकि जेडीए की ओर से पहले हुए राजकार्य में बाधा को लेकर ज्यादातर आंदोलनकारियों के खिलाफ मुकदमे दर्ज हैं तथा इन पर कभी भी कार्रवाई हो सकती है। इसको लेकर पहले जेडीए के अधिकारियों ने पुलिस कमिश्नरेट के अधिकारियों से भी वार्ता कर चुके हैं।

नींदड़ आवासीय स्कीम की प्लानिंग के बाद कुछ किसानों ने अपनी जमीन जेडीए को समर्पित कर दी। इस समर्पित जमीन के आरक्षण पत्र के सौदे भी हो चुके है। ऐसे में जमीन समर्पित करने वाले अब जेडीए पर विकसित जमीन देने का दबाव बना रहे हैं। जेडीए ने इन जमीन समर्पित कर चुके किसानों के लिए 1350 में से 500 बीघा में प्लानिंग की है तथा इसका रेरा में भी रजिस्ट्रेशन करवाया जा रहा है। जेडीए की दलील है कि समर्पित कर चुके जेडीए की ओर से कोर्ट में पैसे जमा करवाए गई जमीन पर कब्जा लिया जाएगा। लोगों को विकसित जमीन दी जाएगी।

नींदड़ बचाओ युवा किसान संघर्ष समिति के संयोजक नगेंद्र सिंह शेखावत व दूसरे किसानों का कहना है कि जेडीए को जमीन समर्पित कर चुके किसान भी आंदोलन कर रहे हैं। उन्होंने पहले गलती से जमीन दे दी, लेकिन अब जमीन समाधि सत्याग्रह में शामिल हैं। आंदोलन के बाद एक भी किसान ने जमीन जेडीए को नहीं दी है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे