हिमाचल चुनाव: वीरभद्र सिंह ने  दाखिल किया अपना नामांकन पत्र

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 20 अक्टूबर 2017, 1:44 PM (IST)

शिमला। कांग्रेस नेता और हिमाचल प्रदेश के सीएम वीरभद्र सिंह ने आज अपना नामांकन दाखिल किया। वीरभद्र सिंह आज एसडीएम के ऑफिस अर्की में अपना नामांकन दाखिल करने पहुंचे। ज्ञातव्य है कि वीरभद्र सिंह सोलन जिले की आर्की विधानसभा सीट से चुनाव लड रहे हैं। इस सीट पर वर्ष 2012 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने जीत हासिल की थी। इस कारण से वीरभद्र सिंह की साख दांव पर लगी है। यहां वीरभद्र सिंह का मुकाबला बीजेपी के युवा उम्मीदवार रतन सिंह पाल से है। बीजेपी ने इस सीट से अपने मौजूदा विधायक गोविंद राम की जगह पाल को टिकट दिया है।

गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 23 अक्तूबर है। यहां 9 नवबंर को चुनाव होने हैं। चुनाव परिणाम 18 दिसंबर को आएंगे। ज्ञातव्य है कि हिमाचल प्रदेश में कुल 68 विधानसभा सीटें हैं। वहीं कांग्रेस अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर चुकी है। पहली सूची में कांग्रेस ने 59 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

पहली सूची में वीरभद्र सिंह और प्रदेश अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू के नाम शामिल हैं। सुखविंदर सिंह सुक्खू को नादौन सीट से टिकट दिया गया है। इनके अलावा राज्यसभा सदस्य विप्लव ठाकुर को देहरा से टिकट दिया है। साथ ही आशा कुमारी को डलहौजी से, कौल सिंह ठाकुर को दरंग से, जी एस बाली को नगरोटा से, मुकेश अग्निहोत्रि को हरोली से और गंगा राम मुसाफिर पच्छादा से टिकट दिया गया है।

ये भी पढ़ें - यहां बहन सेहरा बांध, ब्याह कर लाती है भाभी