अब खुले में कचरा डाला तो खैर नहीं, हर समय रहेगा निगम का पहरा

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 13 अक्टूबर 2017, 8:43 PM (IST)

जयपुर। अब खुले मेें कचरा डालने वाले वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी। निगम प्रशासन ने अब अपना सख्त रवैया अपना लिया है। सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए शहर में हर कचरा डिपो पर एक सफाई कर्मचारी नियुक्त किया गया है और जमादार को उसकी माॅनिटरिंग के निर्देश दिए हैं।

आपको बता देंकि आयुक्त जैन ने नगर निगम जयपुर के सभी जोन कार्यालयों में जाकर अधिकारियों के साथ बैठक की है और सभी अधिकारियों को सफाई व्यवस्था को दुरुस्त बनाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सुबह 11 बजे तक डिपो से कचरा उठ जाना चाहिए।

जैन ने बीवीजी कंपनी और गैराज शाखा के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सुबह 11 बजे तक डिपो से कचरा उठाना सुनिश्चित करें। इसके बाद डिपो पर कचरा नहीं आना चाहिए। इसके लिए नगर निगम जयपुर की ओर से हर डिपो पर एक सफाईकर्मी नियुक्त किया गया है। शुक्रवार को नगर निगम जयपुर के सभी जोनों में डिपो पर निर्धारित समय के बाद खुले में कचरा डालने वालों पर सख्त कार्यवाही की गई।

इस कार्रवाई के तहत 6 गाड़ियां जब्त की गई। साथ ही निर्धारित समय के बाद डिपो पर खुले में कचरा डालने वालों पर करीब 71 हजार रुपए का जुर्माना किया गया। कार्रवाई के दौरान कई लोगों को निर्धारित समय के बाद कचरा डालने वाले को मौके पर रोका गया, समझाइश की गई और वापस घरों की ओर लौटाया गया।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे