राजस्थान में विश्वविद्यालय को ग्रामीण सरोकारों से जोड़ा : राज्यपाल

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 13 अक्टूबर 2017, 7:17 PM (IST)

जयपुर। राज्यपाल कल्याण सिंह ने कहा है कि राज्य के नागरिकों के सशक्तीकरण एवं उनके जीवन की गुणवत्ता में सुधार के लिए हैप्पीनेस इन्डेक्स विकसित किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बीज मंत्र सबका साथ-सबका विकास के आधार पर आम जनता के सर्वांगीण विकास के लिए राज्य में कई योजनाएं चलाई जा रही हैं।

राज्यपाल सिंह शुक्रवार को नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द की अध्यक्षता में आयोजित राज्यपाल सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था नियंत्रण में है। राज्यपाल सिंह ने कहा कि राज्य में विद्यमान अनुसूचित क्षेत्र के विस्तार की आवश्यकता है। 672 नवीन राजस्व ग्राम एवं तीन नगरपालिकाओं को अनुसूचित क्षेत्र में शामिल करने के प्रस्ताव की स्वीकृति केन्द्र सरकार से अपेक्षित है। भाखड़ा व्यास प्रबंधन मंडल में सिंचाई के पूर्णकालिक सदस्य पद पर राजस्थान राज्य कैडर के अधिकारी की नियुक्ति, दिल्ली जयपुर एक्सप्रेस वे का कार्य शीघ्र शुरू कराने और केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल के तहत त्वरित कार्रवाई बल की बटालियन की स्थापना राजस्थान में किए जाने की जरूरत पर राज्यपाल ने जोर दिया।

सिंह ने कहा कि राज्य की लगभग साठ प्रतिशत जनसंख्या की आजीविका कृषि पर आधारित है। कृषकों की आय वर्ष 2022 तक दुगुनी करने के लिए खाद्यान्न फसलों की तुलना में उद्यानिकी फसलों का उत्पादन बढ़ाने, उच्च तकनीकी कृषि को अपनाने, सिंचित क्षेत्र में वृद्धि एवं जैविक खेती को प्रोत्साहित करने जैसे कार्य किए जा रहे हैं। सिंह ने कहा कि भामाशाह योजना में लाभार्थियों के खाते में नौ हजार चार सौ चौंतीस करोड़ रुपए का नकद लाभ हस्तान्तरण किया गया है। मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान के तहत राज्य में पानी को संरक्षित कर उसका उपयोग पीने एवं सिंचाई में करने के लिए विभिन्न जल संरक्षण कार्य करवाए जा रहे हैं। भामाशाह स्वास्थ्य बीमा योजना में राज्य में लगभग एक करोड़ परिवार लाभान्वित होंगे।

सिंह ने कहा विकास के लिए अच्छी शिक्षा की आवश्यकता होती है। राजस्थान में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में आमूलचूल एवं गुणात्मक परिवर्तन हुए हैं। प्रत्येक विश्वविद्यालय को ग्रामीण सरोकारों से जोड़ा गया है। विश्वविद्यालय गांव गोद लेकर उसे स्मार्ट विलेज के रूप में विकसित कर रहे हैं। कौशल विकास के क्षेत्र में राजस्थान अग्रणी रहा है। राज्य में सार्वजनिक क्षेत्र में राजस्थान आई.एल.डी. स्किल यूनिवर्सिटी एवं निजी क्षेत्र में भारतीय स्किल डेवलपमेंट यूनिवर्सिटी की स्थापना की गई है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे