भोपाल: संघ की बैठक में आज हो सकती है केरल हत्याओं व रोहिंग्या पर चर्चा

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 13 अक्टूबर 2017, 3:06 PM (IST)

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के शारदा विहार आवासीय विद्यालय में चल रही राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की तीन दिवसीय अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक का शुक्रवार को दूसरा दिन है। बैठक के दूसरे दिन केरल में संघ-भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्याओं और रोहिंग्या मुसलमानों के मसले पर चर्चा होने की संभावना है। संघ के सूत्रों के मुताबिक, अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक में संघ की पूर्व और आगामी छह माह की कार्ययोजना पर चर्चा के साथ ही देश के वर्तमान हालातों और समस्याओं पर भी विचार विमर्श हो रहा है। शुक्रवार को केरल मे संघ-भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या और रोहिंग्या मुसलमानों के विषय पर भी चर्चा संभावित है।
सूत्रों के अनुसार, इस बैठक में देश के अन्य हिस्सों के साथ केरल व पश्चिम बंगाल से भी कार्यकर्ता आए हैं। केरल में कार्यकर्ताओं और रोहिंग्या मुसलमानों की स्थिति का ब्यौरा दिया जा सकता है। संघ कोई राजनीतिक संगठन नहीं है, यह सामाजिक संगठन है, जो देश और समाज के लिए काम करता है। इस वजह से सम सामायिक विषयों पर भी नजर रखता है। यही कारण है कि इस समय देश के इन दोनों मुद्दों के साथ अन्य अहम मुद्दों पर भी चर्चा होने की संभावना है।


ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

इस बैठक में 11 क्षेत्रों के अधिकारी और 42 प्रांतों के प्रचारक हिस्सा ले रहे हैं। कुल मिलाकर बैठक में 350 प्रतिनिधियों की उपस्थिति है। इनमें अखिल भारतीय पदाधिकारी, क्षेत्रों एवं प्रांतों के संघचालक, कार्यवाहक, प्रचारक शामिल हैं।
यहां बताना लाजिमी होगा कि केरल से भाजपा के कार्यकर्ता इन दिनों भोपाल आए हुए हैं। उन्होंने बीते रोज भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान से मुलाकात की थी। साथ ही उन्होंने चौहान को वहां के हालात से अवगत कराया था।

ये भी पढ़ें - अजब गजबः यहां शिवलिंग पर हर साल गिरती है बिजली