भ्रष्टाचार पर हमारी सरकार में जीरो टोलरेंस नीति- कैप्टन अभिमन्यु

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 10 अक्टूबर 2017, 4:05 PM (IST)

चंडीगढ़। हरियाणा के वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने कहा है कि पिछले तीन वर्षों के कार्यकाल के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार व राज्य में भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने भ्रष्ट्राचार पर जीरो टोलरेंस नीति अपनाई है और इसे प्रमाणित भी कर सकते हैं। एक फर्जी खबर के आधार पर कांग्रेस पार्टी के नेताओं द्वारा भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के बेटे की कम्पनी को फायदा पहुंचाने की बात से कांग्रेस खिसयानी बिल्ली, खंभा नोचे कहावत चरित्रार्थ कर रही है और यह उनकी अपनी खोई हुई राजनैतिक जमीन से दिमागी दिवालियापन का प्रतीक है।

वित्त मंत्री कांग्रेस के पूर्व मंत्री आर पी एन सिंह द्वारा आज यहां एक प्रेस कान्फ्रेंस में लगाए गए आरोपों पर प्रतिक्रिया दे रहे थे। लगता है कि कांग्रेस पार्टी को कम्पनियों के कारोबार का ज्ञान नहीं है। लगातार 10 वर्षों तक कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से लेकर नीचे तक लूट मचाई हुई थी और अब उन्हें जय शाह की कम्पनी में भी ऐसा ही लग रहा है, जबकि हकीकत यह है कि जय शाह की कम्पनी को लगभग पौने दो करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि तत्कालीन पूर्व मुख्यमंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा के कार्यकाल में बिना किसी प्रकार के लेन-देन के कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के दामाद की कम्पनी को 50 करोड़ रुपये का लाभ पहुंचा दिया था। क्या कांग्रेस पार्टी के नेता इसे भूल गए हैं। उन्होंने कहा कि अगर दम होता तो कांग्रेस पार्टी के नेता स्वयं शिकायत दर्ज करवाते। फर्जी खबर को आधार नहीं बनाते। जय शाह इस मामले को लेकर स्वयं न्यायालय गए है और मानहानि का मामला दर्ज करवाया है। अब न्यायालय इसमें संज्ञान लेगाा।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे