अब जेलों में ही बंदियो को मिलेगी मेडिकल सुविधा

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 04 अक्टूबर 2017, 9:42 PM (IST)

जयपुर। प्रदेश में फरार चल रहे बंदियों को पकड़ने के लिए अब पुलिस ने अपनी कमर कस ली है। गृह मंत्री गुलाब चंद कटारिया ने जेल अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पुलिस अधीक्षकों से सम्पर्क कर फरार बंदियों को जल्द गिरफ्तार करने की कार्ययोजना तैयार की जाए। साथ ही कटारिया ने राज्य सरकार द्वारा प्रदेश की सभी जेलों में मेडिकल सुविधाएं उपलब्ध कराने की बात कही।

कटारिया बुधवार को सचिवालय स्थित अपने कक्ष में जेल विभाग की मासिक समीक्षा बैठक की। उन्होंने बताया कि 4 साल में 7 कारागारों से 16 बन्दी फरार हो गए। उनमें 15 कैदी पुलिस द्वारा पकड़ लिए गए हैं और एक बन्दी अभी भी फरार है। उन्होंने संबंधित अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि फरार बंदी के लिये सम्बन्धित पुलिस अधीक्षक से सम्पर्क कर गिरफ्तारी की कार्यवाही की जाए।

कटारिया ने बताया कि 2009 से 2014 तक 95 कैदी फरार हुए थे, उनमेें से 90 कैदियों को पकड़ लिया गया है। 5 कैदी पहले के और एक कैदी अभी का फरार है। उन्होंने जेल विभाग के अधिकारियों को निर्देश दियेे कि जेलों में बंदियों की बैरकों के निर्माण में गति लाएं और जिन जेलों में बैरकों का निर्माण कार्य पूर्ण हो गया हैं, उनमें बंदियों को स्थानान्तरित करने की कार्यवाही करेें।

गृह मंत्री ने 24 जेलों के 40 बन्दी बैरकों के निर्माण कार्य की समीक्षा करते हुए कहा कि 33 बैरको का निर्माण कार्य पूर्ण हो गया है। कटारिया ने जेलों में बन्दियों द्वारा मोबाईल के उपयोग किये जाने पर नाराजगी जाहिर करते हुए रोक लगाने के निर्देश दिए।



ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे