मुख्यमंत्री ने किया कला संगम प्रतियोगिता का शुभारंभ

www.khaskhabar.com | Published : रविवार, 01 अक्टूबर 2017, 1:01 PM (IST)

करनाल । हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने रविवार को स्थानीय आईटीआई चौक स्थित फ्लाईओवर के नीचे नगर निमग करनाल द्वारा आयोजित कला संगम प्रतियोगिता का दीप प्रज्जवलित करके शुभारम्भ किया और गांधी जी के प्रिय चरखे को चलाया। मुख्यमंत्री ने लकड़ी और सूत के तानेबाने से तैयार एक फ्रेम जिस पर लिखा हुआ था कि मैं वचन देता हूं कि आज से कहीं भी गंदगी नहीं फैलाऊंगा, पर सिम्बोलिक रूप से लाल धागा बांधकर जनता को स्वच्छता बनाएं रखने का संदेश भी दिया।
मुख्यमंत्री कला संगम प्रतिस्पर्धा में व्यस्त कलाकारों के बीच गए और उनसे परिचय लिया तथा करनाल में आने पर उनके लिए आभार के शब्द कहे। ए-34 ब्लॉक में जाकर उन्होंने कश्मीर से आए पेंटिंग कलाकारों से संवाद किया। कलाकारों ने अपने प्रतिउत्तर में आज के आयोजन में शरीक होने को गर्व की बात बताया और कहा कि उन्हें यहां आकर अपार खुशी हो रही है।
उन्होंने प्रतियोगिता में उमडे कलाकारों की पेंटिंग गतिविधियों को घूमकर देखा और प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इससे फ्लाईओवर की दिवारें नये स्वरूप में दिखेगी और शहर का सौंदर्यकरण बढ़ेगा। यहां से गुजरने वालों को पेंटिंग व कलाकृतियां देख सूकून मिलेगा और वे इनकी खूबसुरती की छवि अपने मन में बसा कर जाएगें।
मणिपुर से आए एक कलाकार संतोष ने मुख्यमंत्री को उनका पोरट्रेट भेंट किया, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार करके कलाकार को साधूवाद दिया। मुख्यमंत्री ने कला संगम प्रतियोगिता के आयोजन के लिए नगर निगम की भी सराहना की।
नगर निगम की आयुक्त डा0 प्रियंका सोनी के अनुसार सुबह 11 बजे तक देश के भिन्न-भिन्न भागों से 150 टीमों ने कला संगम प्रतियोगिता में आकर अपना पंजीकरण करवा लिया था। जो हरियाणा, पंजाब, हिमाचल, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, उत्तरप्रदेश, दिल्ली, राजस्थान, मध्यप्रदेश, असम, कर्नाटक, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल इत्यादि राज्यों से आए थे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के विशेष कार्य अधिकारी अमरेन्द्र सिंह, मेयर रेनू बाला गुप्ता, उपायुक्त डा0 आदित्य दहिया, एसपी जश्रदीप सिंह रंधावा, वरिष्ठ उपमहापौर कृष्ण गर्ग, नगर पार्षद बलविन्द्र सिंह, शीला रानी, वीर विक्रम सिंह, अशोक जैन, समाज सेवी बलबीर सिंह के अतिरिक्त शहर के अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे