सिन्हा बोले-जिसने कभी लोकसभा की शक्ल नहीं देखी, वो मेरे ऊपर आरोप..

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 29 सितम्बर 2017, 2:16 PM (IST)

नई दिल्ली। पूर्व वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा ने जेटली के नौकरी वाले तंज पर जमकर निशना साधा है। ज्ञातव्य है कि गुरुवार को एक किताब के विमोचन के अवसर पर अरुण जेटली ने बिना नाम लिए यशवंत सिन्हा पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग 80 साल की उम्र में नौकरी के आवेदक बनना चाहते हैं। इस पर यशवंत सिन्हा ने जेटली पर पलटवार करते हुए कहा है जिसने कभी लोकसभा की शक्ल नहीं देखी, वो मेरे ऊपर आरोप लगा रहे हैं। सिन्हा ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि अरुण जेटली मेरी पृष्ठभूमि भूल गए हैं, मैंने राजनीति में दर-दर की ठोकर खाई है।

साथ ही उन्होंने कहा कि 12 साल की आईएएस की नौकरी बाकी थी जब मैं राजनीति में आ गया था। साथ ही उन्होंने कहा कि मैंने राजनीति में आने के 15 दिन के भीतर ही चुनाव लड लिया था। जेटली पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि मुझे अपनी लोकसभा की सीट चुनने में 25 साल नहीं लगे हैं। उन्होंने कहा कि जिन्होंने लोकसभा की शक्ल नहीं देखी, वो मेरे ऊपर आरोप लगा रहे हैं। सिन्हा ने कहा कि मैंने किसी पर पर्सनल अटैक नहीं किया है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

सिन्हा ने कहा कि मैंने वीपी सिंह की सरकार में मंत्री पद ठुकरा दिया था लेकिन जेटली ने वाजपेयी सरकार में राज्यमंत्री का पद स्वीकार कर लिया था। उन्होंने कहा कि कालेधन और पनामा पर वित्तमंत्री देश को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जो लोकसभा का सदस्य है वही लोगों की बात समझ सकता है, पांव में छाले पड़ेंगे तो ही कुछ समझ आएगा।

यशवंत सिन्हा ने कहा कि मुझे विश्वास है कि मेरे पास प्रधानमंत्री को देने के लिए उपयुक्त सुझाव हैं लेकिन जब मैने पाया कि मेरे लिए दरवाजे बंद हैं तो मुझे मीडिया में आना पडा। साथ ही सिन्हा ने कहा कि पूर्व पीएम मनमोहन सिंह या पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम जैसे लोगों की राय को राजनैतिक शब्दाडंबर के तौर पर खारिज किये जाने के खिलाफ सलाह दी।

ये भी पढ़ें - यकायक सुलग उठता है घर में रखा सामान...