मुंबई: रेलवे स्टेशन पर भगदड मचने से 22 लोगों की मौत, दर्जनों घायल

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 29 सितम्बर 2017, 1:07 PM (IST)

मुंबई। मुंबई के एलफिंसटन रेलवे स्टेशन के फुट ओवर ब्रिज पर बडा हादसा हो गया। यहां फुट ओवर ब्रिज पर भगदड मचने से 22 लोगों की मौत हो गई और 30 से अधिक लोग घायल हो गए। हादसा सुबह करीब 10.20 पर हुआ। प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह 10.20 पर अचानक से बारिश आ गई। इससे सेंट्रल लाइन के परेल स्टेशन और वेस्टर्न रेल लाइन के एलफिंसटन रेलवे को कनेक्ट करने वाले फुट ओवर ब्रिज पर काफी भीड हो गई। बारिश की वजह से वहां भीड और बढने लगी। भीड इतनी अधिक हो गई कि वहां लोगों में धक्का मुक्की होने लगी। इस दौरान भगदड मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शॉर्ट सर्किट होने की वजह से वहां अचानक भगदड मच गई। लोग एक दूसरे के ऊपर चढकर वहां से भागने लगे। प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसे में घायलों की संख्या 40 बताई जा रही है। हादसे के बाद फुटओवर ब्रिज को बंद कर दिया गया है। प्रत्यशदर्शियों के अनुसार वहां का मंजर बडा भयावह था। लाशें और घायल एक दूसरे के ऊपर पडे हुए थे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

रेलवे के प्रवक्ता अनिल सक्सेना ने बताया कि रेल मंत्री पीयूष गोयल मुंबई पहुंच रहे हैं। मौके पर पहुंचे प्रशासन ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। बताया जा रहा है कि छुट्टी होने की वजह से स्टेशन पर भीड़ अधिक थी। घटनास्थल पर मेडिकल टीम पहुंच गई है और घायलों को सहायता मुहैया कराई जा रही है। वरिष्ठ अधिकारी स्टेशन पर राहत और बचाव कार्य की निगरानी कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें - यहां मरने के बाद भी होती है शादी, मंडप में दूल्हा-दुल्हन...