बेरोजगारों के लिए खुशखबरी! सरकार 20 लाख लोगों को देगी नौकरी

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 28 सितम्बर 2017, 2:58 PM (IST)

नई दिल्ली। युवा पिछले काफी समय से काम-धंधे की समस्या से जूझ रहे हैं। वर्ष 2014 में देश में दस साल के शासन के बाद यूपीए सरकार की विदाई हुई थी और एनडीए की सरकार बनी। इसके साथ ही युवाओं में भी नई उम्मीद जगी, लेकिन करीब सवा तीन साल बीतने के बाद भी उनकी दशा नहीं सुधरी है।

हालांकि अब सरकार एक ऐसा कदम उठाने वाली है, जिससे बेरोजगारों के चेहरे खिल जाएंगे। दरअसस मोदी सरकार केंद्र और राज्य स्तर पर 20 लाख खाली पड़े पदों पर भर्ती करने जा रही है। जानकारी के अनुसार इसमें केंद्रीय मत्रालयों और सरकारी विभागों के अलावा सार्वजनिक क्षेत्र की करीब 244 कंपनियां भी शामिल हैं।

रेलवे में सुरक्षा संबंधी मामलों को लेकर दो लाख लोगों की भर्ती होनी है। श्रम मंत्रालय ऐसे विभाग और संस्थानों का पता लगाने में जुटा है जहां पद खाली हैं। इसके बाद वह सरकार के योजना प्रस्तुत करेगा। पदों को डेली, वीकली व मंथली बेस पर दी जाने वाली नौकरियों से भरा जाएगा।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

केंद्रीय मंत्रालय के स्तर पर लगभग 6 लाख पोस्ट खाली हैं। श्रम मंत्रालय जल्द ही इसकी जानकारी सेंट्रल पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइजेज को देगा, जिसके बाद इन पर भर्ती की जाएगी। अगर केंद्र स्तर पर यह प्रक्रिया सफल रहती है तो इसे राज्य स्तर पर भी दोहराया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि सरकार ने हर साल दो करोड़ नौकरियां देने का वादा किया था, जिसमें वह अभी तक नाकाम रही है। श्रम मंत्रालय की एक रिपोर्ट में खुलासा हुआ था कि मौजूदा सरकार के कार्यकाल में रोजगार सृजन में 60 फीसदी से ज्यादा की गिरावट आई है। प्रशासनिक खर्च कम करने के लिए एक के बाद एक सरकारों ने भर्तियों पर रोक लगा दी थी।

ये भी पढ़ें - यहां मरने के बाद भी होती है शादी, मंडप में दूल्हा-दुल्हन...