जापान ओपन : विक्टर एक्सेलसन व कैरोलिन मारिन ने जीता खिताब

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 25 सितम्बर 2017, 12:49 PM (IST)

टोक्यो। मौजूदा विजेता डेनमार्क के बैडमिंडन खिलाड़ी विक्टर एक्सेलसन और रियो ओलम्पिक-2016 में स्वर्ण पदक जीतने वाली स्पेन की कैरोलिना मारिन ने रविवार को जापान ओपन में क्रमश: पुरुष और महिला एकल का खिताब अपने नाम कर लिया।

विक्टर ने तीन गेम तक खिंचने वाले पुरुष एकल के फाइनल में मलेशिया के ली चोंग वेई को 21-14, 19-21, 21-14 से मात दी। यह मैच एक घंटे 15 मिनट तक चला। रियो ओलम्पिक-2016 में कांस्य पदक जीतने वाले विक्टर का 2017 में यह दूसरा सुपर सीरीज खिताब है। यह विक्टर की चोंग वेई पर दूसरी जीत है।

मलेशियाई खिलाड़ी ने नौ बार विक्टर पर फतह हासिल की है। महिला एकल में दो बार की विजेता मारिन ने चीन की बिंगजियाओ को मात देकर खिताब अपनी झोली में डाला। 53 मिनट तक चले मुकाबले में स्पेनिश दिग्गज ने बिंगजियाओ को 23-21, 21-12 से परास्त किया।


ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

2017 में मारिन का यह पहला सुपर सीरीज खिताब है। पुरुष युगल के फाइनल में इंडोनेशिया के मार्कस फर्नाल्डी गिडेओन और केविन संजया सुकामल्जो ने जापान के टाकुटो इनओयुए और युकी कानेको की जोड़ी को 21-12, 21-15 से शिकस्त दी। यहा मैच 29 मिनट तक चला।

महिला युगल के फाइनल में जापान की मिसाकी माटसुटोमो और अयका ताकाहाशी ने दक्षिण कोरिया की किम हा ना और ही योंग कोंग को 21-18, 21-16 से हराया। जापानी जोड़ी ने 56 मिनट में यह मुकाबला अपने नाम किया। मिश्रित युगल के खिताबी मुकाबले में चीन के वांग यिल्व और हुआंग डोंगपिन की जोड़ी ने जापान की ताकुरो होकी और सायाका हिरोता की जोड़ी को 21-13, 21-8 से मात देते हुए खिताब अपने नाम किया।

ये भी पढ़ें - आपके फेवरेट क्रिकेटर और उनकी लग्जरी कारें....