जेल में सब्जी उगाएगा राम रहीम, दिनभर काम करने पर मिलेंगे 20 रुपये

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 19 सितम्बर 2017, 8:33 PM (IST)

चंडीगढ़। दुष्कर्म मामले में 20 वर्ष की सजा काट रहे डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम अब जेल में सब्जियां उगाते और पेड़-पौधों की छंटाई करता नजर आएगा। जेल प्रशासन ने उसे बैरक के पास खाली जगह में खेती-बाड़ी का काम दिया है। इसके लिए राम रहीम ने तैयारी शुरू कर दी है। 8 घंटे काम करने के बदले में उसे केवल 20 रुपये प्रतिदिन की दर पर मजदूरी मिलेगी। हरियाणा के डीजीपी (जेल) के.पी.सिंह ने मंगलवार को पंचकूला में संवाददाताओं से कहा कि राम रहीम की बैरक से लगा एक छोटा सा जमीन का टुकड़ा है जहां वह सब्जी उगाएगा। उन्होंने कहा कि वह अपना काम पहले ही शुरू कर चुका है। वह जो भी उगाएगा, उसका इस्तेमाल जेल की मेस में किया जाएगा।

अधिकारी ने कहा कि राम रहीम पेड़-पौधों और क्यारियों की काट-छांट भी करेगा। खेती के काम के लिए उसे 20 रुपये प्रतिदिन मिलेंगे जो अकुशल कार्य की श्रेणी में आएगा। उन्होंने बताया कि सामान्यत: एक किसान को जेल में अधिकतम 8 घंटे काम करने पड़ते हैं। उन्होंने राम रहीम को कोई विशेष सुविधा दिए जाने की बात से इनकार किया। उन्होंने कहा, यह आधारहीन और काल्पनिक खबरें हैं। जेल में किसी भी कैदी को विशेष सुविधा नहीं दी जा रही, इसमें राम रहीम भी शामिल है। उन्होंने बताया कि जेल में कोई टीवी सेट नहीं है। अधिकारी ने बताया कि राम रहीम आम कैदियों की तरह रह रहा है। उसे अन्य कैदियों जैसा ही खाना दिया जा रहा है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

आपको बता दें कि राम रहीम अपनी दो शिष्याओं के रेप के मामले में रोहतक की सुनारिया जेल में सजा काट रहा है। 28 अगस्त को सीबीआई की विशेष अदालत के न्यायाधीश ने रोहतक की सुनारिया जेल में राम रहीम को सजा सुनाई थी। उन्हें दो साध्वियों के साथ दुष्कर्म के लिए 20 साल की सजा सुनाई गई है और उन पर 30 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। इससे पहले डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को सीबीआई की विशेष अदालत के न्यायाधीश जगदीप सिंह लोहाना ने 25 अगस्त को हरियाणा के पंचकूला में दुष्कर्म का दोषी करार दिया। इसके बाद डेरा अनुयायियों ने पंचकूला में भारी हिंसा फैलाई थी। इसमें पंचकूला में 30 व सिरसा में 8 लोगों की मौत हो गई थी और 250 से ज्यादा लोग घायल हो गए थे।

ये भी पढ़ें - सावधान हो जायें अब भ्रस्ट अफसर