सहकारिता राज्य मंत्री मनीष ग्रोवर का बयान, 2022 तक किसानों की आय को दोगुना करने का संकल्प

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 15 सितम्बर 2017, 4:09 PM (IST)

रोहतक। प्रदेश के सहकारिता राज्य मंत्री मनीष ग्रोवर ने कहा है कि संकल्प से सिद्धि तक कार्यक्रम के तहत 2022 तक किसानों की आय को दोगुना करने का संकल्प लिया गया है। देश में पहली बार किसी प्रधानमंत्री ने किसानों के विकास के लिए इस तरह का कोई लक्ष्य देशवासियों के सामने रखा है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में कृषि मंत्रालय को यह काम 2022 तक अंजाम देना है।

ग्रोवर शुक्रवार को रोहतक में संकल्प से सिद्धि तक कार्यक्रम के तहत कृषि विज्ञान केंद्र में संकल्प सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इस सम्मेलन में ग्राम पंचायत, ब्लॉक समिति तथा जिला परिषद के चुने हुए जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने भी शिरकत की। समारोह के दौरान अपने संबोधन में सहकारिता राज्य मंत्री ने कहा कि संकल्प से सिद्धि तक कार्यक्रम के तहत देश के किसानों की आय को 2022 तक दोगुना करने के लिए सरकार ने कमर कस ली है। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 9 अगस्त 2017 को संकल्प से सिद्धि तक की शुरूआत की थी। तब प्रधानमंत्री ने कहा था कि 1942 में भारतवासियों ने जब भारत छोड़ो का नारा लगाया तो अंग्रेजों को ठीक 5 साल बाद भारत को छोड़ कर जाना पड़ा। अब तो भारत हमारा है, तो क्यों न हम गंदगी भारत छोड़ो, आतंकवाद भारत छोड़ो, अशिक्षा भारत छोड़ो, जातिवाद भारत छोड़ो आदि का नारा लगाएं ताकि 2022 तक हमें एक नया भारत मिले।

वहीं, मनीष ग्रोवर ने गुरूग्राम के रेयान इंटरनेशनल स्कूल के मुद्दे पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि आरोपी कितना ही ताकतवर हो, बख्शा नहीं जाएगा।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे