मिलेगा प्रचंड बहुमत, फिर से बनाएंगे सरकार : मुख्यमंत्री

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 14 सितम्बर 2017, 8:17 PM (IST)

जयपुर/बूंदी। मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने पार्टी कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों का आह्वान किया कि 2018 के विधानसभा चुनाव तथा 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को प्रचंड बहुमत मिलेगा और देश तथा प्रदेश में फिर से भाजपा की सरकार बनेगी। इसके लिए सभी कार्यकर्ताओं को आज से ही कमर कसकर जुटना होगा।

राजे गुरुवार को बूंदी में भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि वे ‘आपका जिला आपकी सरकार कार्यक्रम’ के माध्यम से जिलों में जाकर स्थानीय लोगों के साथ पार्टी कार्यकर्ताओं से भी फीडबैक ले रही हैं, ताकि जमीनी स्तर पर हो रहे विकास कार्यों की पड़ताल की जा सके।

उपलब्धियों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाएं

मुख्यमंत्री ने बूंदी जिले के मंडल अध्यक्षों से अपने-अपने मंडल से संबंधित फीडबैक लिया। इसके अलावा उन्होंने संबंधित मंडल क्षेत्र की समस्याओं के बारे में भी जानकारी ली और सरकार की योजनाओं, विकास कार्यों एवं उपलब्धियों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने के लिए कहा। उन्होंने मोर्चा के अध्यक्षों से भी प्रगति रिपोर्ट मांगी। इसके अलावा सांसद, विधायकों और प्रधानों से भी फीडबैक लिया।

नए मतदाताओं को पार्टी से जोड़ने पर करें फोकस

उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता बूथ स्तर पर प्रयास कर ज्यादा से ज्यादा नए मतदाताओं को पार्टी से जोड़ें। उन्होंने बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों से कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित संगठन है। संगठन रूपी शरीर में कार्यकर्ता प्राणवायु का काम करते हैं। इसलिए कार्यकर्ताओं की राय को महत्व दिया जाए। उनके सुझावों और सलाह को अमल में लाया जाए। उन्होंने कहा कि सभी जनप्रतिनिधि कार्यकर्ताओं का मनोबल बनाए रखें।

बैठक में ये थे मौजूद

जिले के प्रभारी मंत्री श्रीचंद कृपलानी, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री बाबूलाल वर्मा, सांसद ओम बिड़ला एवं सुभाष बहेड़िया, विधायक अशोक डोगरा, जन अभाव अभियोग निराकरण समिति के अध्यक्ष श्रीकृष्ण पाटीदार, सफाई आयोग के अध्यक्ष गोपाल पचेरवाल, जिलाध्यक्ष महिपत सिंह हाड़ा, पूर्व विधायक ओम प्रकाश शर्मा एवं प्रभुलाल करसोलिया, सभापति महावीर मोदी, बूंदी जिले के प्रभारी शंकरलाल ठाडा, जिला कोर कमेटी सदस्य, प्रधान, नगर निकायों के अध्यक्ष, दीर्घकालिक विस्तारक सहित पार्टी के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, मोर्चों के जिलाध्यक्ष, विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष एवं अन्य पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बैठक में मौजूद थे।

बूंदी पहुंचने पर मुख्यमंत्री का जगह-जगह भव्य स्वागत

मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे का बूंदी में अपार जनसमूह ने स्वागत किया। मुख्यमंत्री के हेलिपेड से होटल हाड़ौती पैलेस पहुंचने तक जगह-जगह भारी भीड़ उपस्थित थी। लोग मुख्यमंत्री की झलक पाने और उनके स्वागत के लिए बेताब नजर आए। लोगों ने सर्किट हाउस चौराहा, कलेक्ट्रेट सर्किल और कॉलेज सर्किल सहित कई जगह भव्य स्वागत किया। उन्हें हेलिपेड से हाड़ौती पैलेस तक का लगभग एक किलोमीटर का रास्ता तय करने में आधे घंटे से भी अधिक समय लगा। मुख्यमंत्री का रास्ते में भाजपा जिला इकाई, युवा मोर्चा, किसान मोर्चा, अनुसूचित मोर्चा, अनुसूचित जनजाति मोर्चा, अल्पसंख्यक मोर्चा, ओबीसी मोर्चा, महिला मोर्चा, वक्फ बोर्ड सहित विभिन्न समाजों, संगठनों और संस्थाओं की ओर से भव्य स्वागत किया गया।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे