सीएम मनोहर लाल सभी वर्गों के सच्चे हितैषी: अमरेंद्र सिंह अरोड़ा

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 14 सितम्बर 2017, 3:55 PM (IST)

तरावड़ी,करनाल। हरियाणा पंजाबी स्वाभिमान संघ के चेयरमैन तथा वरिष्ठ सिख नेता अमरेंद्र सिंह अरोड़ा ने आज कहा कि प्रदेश के सीएम मनोहर लाल खट्टर सभी वर्गों के सच्चे हितैषी है। उन्होंने यह भी कहा कि उनके नेतृत्व में प्रदेश के सभी जिलों का समान रूप से चहुमुंखी विकास हो रहा है। वह आज तरावड़ी में वरिष्ठ पत्रकार संघ के प्रदेशाध्यक्ष शिव शर्मा के निवास पर बोल रहे थे। वह शिव शर्मा की सास भागवंती देवी के निधन पर शोक व्यक्त करने पहुंचे थे। वहां मौजूद नगर के लोगों से चर्चा करते हुए अमरेंद्र सिंह अरोड़ा ने कहा कि पिछले 3 सालों में प्रदेश की भाजपा सरकार ने सीएम मनोहर लाल खट्टर के नेतृत्व में न केवल ताबड़तोड़ विकास किया। बल्कि प्रदेश में कई सालों से जंग लगे भ्रष्टाचार का भी सफाया कर दिया। उन्होंने हरियाणा को शौचमुक्त बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया। जिसका नतीजा यह रहा कि हरियाणा के अधिकांश जिले अब शौचमुक्त हो चुके हैं। यह सब सीएम मनोहर लाल की सकारात्मक सोच का परिणाम है। उन्होंने कहा कि शौचमुक्त के साथ-साथ बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान को जिस तेजी से उन्होंने गति दी। उसके नतीजे भी आज जनता के सामने हैं। लिंगानुपात मामले में केवल पौने 3 सालों में ही प्रदेश में बेटियों का अनुपात 814 से 900 के पार हो गया। इसके अलावा स्वच्छ हरियाणा अभियान के तहत उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मुहिम को आगे बढ़ाते हुए हरियाणा के कई शहरों को साफ.सुथरा बनाया और 2 जिलों को स्मार्ट सिटी की श्रेणी में ला खड़ा किया।


इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार संघ के प्रदेशाध्यक्ष शिव शर्मा ने अमरेंद्र सिंह अरोड़ा के समक्ष वरिष्ठ पत्रकारों की समस्याओं को भी उजागर किया। उन्होंने अरोड़ा से कहा कि प्रदेश के वरिष्ठ पत्रकारों का हित केवल प्रदेश के ईमानदार सीएम मनोहर लाल खट्टर ही साध सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार को चाहिए कि पत्रकारों की समस्याओं पर गंभीरता से विचार करे और पत्रकारों के हित में पैंशन योजना समेत अन्य नीतियों को भी लागू करें। इस मौके पर अमरेंद्र सिंह अरोड़ा ने विश्वास दिलाया कि इस दिशा में वह जल्दी ही प्रदेश के सीएम से बातचीत कर वरिष्ठ पत्रकारों की मुलाकात सीएम से करवाऐंगे ताकि वरिष्ठ पत्रकार अपनी समस्याएं उनके समक्ष रख पाऐंगे और सीएम मनोहर लाल खट्टर हर हाल में वरिष्ठ पत्रकारों की समस्याओं का जायज निवारण भी करेंगे।


इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार हरीश चावला ने बताया कि सीएम की सोच पत्रकारों के लिए बिल्कुल सकारात्मक है और उन्हें उम्मीद है कि चेयरमैन अमरेंद्र सिंह अरोड़ा वरिष्ठ पत्रकारों और सीएम के बीच एक अच्छी भूमिका अदा करने का काम करेंगे। क्योंकि अमरेंद्र अरोड़ा एक ऐसे नेता है जो दिन-रात मेहनत करके भाजपा का ग्राफ न केवल ऊपर ले जा रहे हैं बल्कि जरूरतमंद लोगों को खुद सीएम के पास ले जाकर उनके दुखों का निवारण भी करवा रहे हैं। अमरेंद्र अरोड़ा जैसे ईमानदार और कर्मठ नेताओं की बदौलत ही भाजपा की सरकार प्रदेश में अच्छा काम कर रही है। इससे पहले उन्होंने वरिष्ठ पत्रकार शिव शर्मा के सास माता के निधन पर सीएम की ओर से भी शोक प्रकट किया और परिवार के लोगों को ढांढस भी बंधाया।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे