राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद गुरुवार से यूपी के दो दिवसीय दौरे पर

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 13 सितम्बर 2017, 6:11 PM (IST)

लखनऊ | राष्ट्रपति राम नाथ कोविद अपना पद संभालने के बाद गुरुवार को पहली बार उत्तर प्रदेश की दो दिवसीय यात्रा पर आएंगे। इस दौरे के दौरान वह अपने घर कानपुर देहात भी जाएंगे। उनके दौरे के मद्देनजर लखनऊ में उनकी अगवानी के लिए व्यापक व्यवस्था की गई है और सुरक्षा को बढ़ा दिया गया है।

कोविंद गुरुवार को लगभग तीन बजे वायु सेना के विशेष विमान से चौधरी चरण सिंह अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे पर पहुंचेंगे जहां राज्यपाल राम नाईक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और कुछ मंत्री उनका स्वागत करेंगे।

हवाईअड्डे पर अगवानी के बाद उन्हें सीधे राजभवन ले जाया जाएगा जहां वे आराम करेंगे और उसके बाद वह इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान जाएंगे। यहां राज्य सरकार एक कार्यक्रम में राष्ट्रपति के सम्मानित करेगी।

एक अधिकारी ने बताया कि इस समारोह के लिए 1500 लोगों को आमंत्रित किया गया है। कोविंद प्रोटोकोल तोड़कर मुख्यमंत्री आदित्यनाथ के 5,कालिदास मार्ग स्थित उनके आवास पर रात्रि भोज के लिए जाएंगे।

वह शुक्रवार को कानपुर जाने से पहले राजनीतिक क्षेत्रों के लोगों से मुलाकात करेंगे और उसी दिन शाम तक लखनऊ वापस आ जाएंगे जिसके बाद वह अपना दौरा समाप्त कर दिल्ली जाएंगे।

आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे