मुंबई। शनि शिंगणापुर मंदिर में महिलाओं के प्रवेश पर पाबंदी के खिलाफ दायर याचिका पर सुनवाई करते हुए शुक्रवार को बॉम्बे हाईकोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया। कोर्ट ने कहा कि मंदिर में प्रवेश को लेकर किसी तरह का भेदभाव नहीं होना चाहिए। कोर्ट ने कहा, धर्मस्थल में प्रवेश को लेकर किसी तरह का भेदभाव गलत है।
मंदिर में पूजा करना और दर्शन करने का अधिकार सबको है, इससे किसी को रोका जाना ठीक नहीं है। महिलाओं के हक में फैसला सुनाते हुए कोर्ट ने कहा कि अगर कोई शख्स किसी को मंदिर में प्रवेश करने से रोकता है तो उसे छह महीने की जेल हो सकती है। अब यह सरकार की जिम्मेदारी है कि वह महिलाओं के अधिकारों का संरक्षण करें। सरकार को ऐसी जगहों पर महिलाओं को सिक्युरिटी बढाने का आदेश दिया है।
इससे पहले बुधवार को शनि शिंगणापुर मंदिर में महिलाओं की एंट्री और शनि देव की पूजा पर बैन को बॉम्बे हाईकोर्ट ने गलत ठहराया है। हाईकोर्ट की औरंगाबाद बेंच ने एक पिटीशन पर सुनवाई के दौरान कहा, महिलाओं को शनि मंदिर में घुसने से नहीं रोका जा सकता है। पुरुषों के साथ महिलाओं को भी वहां जाने का हक है।
ये है विवाद
परंपरा के मुताबिक, शनि मंदिर में 400 साल से किसी महिला को शनि
देव के चबूतरे पर जाकर तेल चढ़ाने या पूजन करने की इजाजत नहीं है। 29
नबंवर, 2015 को एक महिला के शनिदेव के चबूतरे पर जाकर पूजा करने के बाद
काफी विवाद हुआ। शिंगणापुर में पंचायत हुई और मंदिर का शुद्धिकरण हुआ था।
वहीं, भूमाता ब्रिगेड और अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति की मेंबर रंजना गवांदे
ने इसे शनि मंदिर में क्रांतिकारी घटना बताकर स्वागत किया था। 15 साल पहले
भी शनि मंदिर पूजा को लेकर महिलाओं ने आवाज बुलंद की थी। तब जाने-माने
रंगकर्मी डॉ. श्रीराम लागू इस मुहिम से जुड़े थे।