सोनौली बॉर्डर से नीदरलैंड का नागरिक गिरफ्तार

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 11 सितम्बर 2017, 2:56 PM (IST)

महराजगंज। उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जनपद से लगी भारत-नेपाल की सोनौली सीमा से बिना वीजा दिल्ली से काठमांडू जा रहे विदेशी नागरिक को आव्रजन विभाग के अधिकारियों ने शनिवार शाम गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए नीदरलैंड के नागरिक मिगुएल कारलो के खिलाफ सोनौली थाने में धोखाधड़ी और विदेशी विषयक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर रविवार को कोर्ट में पेश किया, जहां उसे जेल भेज दिया गया।
जानकारी के मुताबिक भारत से अवैध रूप से नेपाल में घुसपैठ की कोशिश कर रहे नीदरलैंड के नागरिक मिगुएल कारलो को आव्रजन अधिकारियों ने शनिवार शाम को सोनौली बार्डर पर गिरफ्तार किया था। पकड़े गए युवक के पास कोई वैध कागजात बरामद नहीं हुआ। पूछताछ में उसने बताया कि उसके पास भारत में रहने का वीजा नहीं है। जिस देश से आया है उस देश का डिपार्चर स्टैंप भी नहीं है। वह अवैध रूप से भारत में रहते हुए नेपाल निकल जाना चाहता था।

सोनौली कोतवाल बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि उसके खिलाफ धोखाधड़ी और विदेशी विषयक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।

आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे