कामां से बीजेपी विधायक जगत सिंह को स्वाइन फ्लू

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 07 सितम्बर 2017, 10:45 PM (IST)

भरतपुर। कामां से बीजेपी विधायक जगतसिंह को स्वाइन फ्लू ने चपेट में ले लिया है। उन्हें दिल्ली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार जगत सिंह की स्वाइन फ्लू (एच1एन1) वायरस की जांच पॉजिटिव पाई गई है। चिकित्सकों के अनुसार उन्हें डाक्टरों की देखरेख में आराम की सलाह दी गई है।
बता दें कि जगत सिंह से पूर्व राजस्थान की मांडलगढ़ से बीजेपी विधायक कीर्ति कुमारी को भी स्वाइन फ्लू हो गया था. लेकिन सही समय पर उचित इलाज नहीं मिलने पर उनकी 28 अगस्त को मौत हो गई थी। विधायक कीर्ति का राजधानी जयपुर के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था।

एक महीने के लिए सभी डॉक्टरों की छुटि्टयां रद्द

स्वाइन फ्लू से इस वर्ष अब तक 104 लोगों की मौत के बाद सरकार ने इसे आपात स्थिति माना है। इस कारण सरकार ने एक महीने के लिए सभी मेडिकल कॉलेजों में डॉक्टरों की छुट्‌टियां रद्द कर दी हैं। यह मर्ज प्रदेश में हर दिन कहर बढ़ा रहा है। बुधवार को ही प्रदेश में 70 पॉजिटिव केस सामने आए। जयपुर में ही 17 लोग इसकी चपेट में आए हैं। इस वर्ष प्रदेश में पॉजिटिव लोगों का आंकड़ा 1420 पहुंच गया है, जबकि इनमें से 104 लोगों की मौत हो चुकी है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे