अहमदाबाद। बीती रात अहमदाबाद-इंदौर हाइवे पर खेडा जिले में कठलाल के पास एक
शख्स से 1.42 करोड रूपये के नकली नोट बरामद किए गए। जिससे ये करेंसी जब्त
की गई उसका नाम नरसिंह रावत बताया गया। नरसिंह रावत राजस्थान के बांसवाडा
का रहनेवाला है।
एंटी टेररिस्ट स्क्वाड के मुताबिक जानकारी मिली थी कि कठलाल के पास कोई
व्यक्ति नकली नोटों की डिलीवरी करने वाला है। तब स्पेशल ऑपरेशन्स ग्रुप ने
उस को हिरासत में लेकर छानबीन की तो उसके पास1000 रूपए के कुल 142 बंडल
मिले जो कुल 1.42 करोड रूपये थे।
एफएसएल जांच में ये नोट नकली पाए गए। नरसिंह रावत ने बताया कि ये नकली नोट
उसे राजू नाम के व्यक्ति ने दाहोद जिले के झालोद में दिए थे और कहा था कि
इस जगह पर कोई आएगा और उसे 50000 रूपये देकर ये पैसा ले जाएगा। पुलिस अब
राजू को ढूंढ रही है।
लेकिन पहली बार इतनी बडी मात्रा में नकली नोट बरामद
होने से पुलिस भी सकते में है।
अहम ये है कि ये नोट स्थानीय तौर पर बने होने का अनुमान है क्योंकि अब तक
सिर्फ विदेश से ही नकली नोटों की सप्लाई होती थी, लेकिन अब देश में और वह
भी गुजरात में नकली नोटों के कारोबार की जानकारी ने सबको चौंका दिया है।