दीपा, सुशील, योगेश्वर...ने ऐसे दी नए खेल मंत्री राठौड़ को बधाई

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 04 सितम्बर 2017, 1:43 PM (IST)

नई दिल्ली। भारतीय खेल जगत ने रविवार को एथेंस ओलम्पिक-2004 में भारत को निशानेबाजी में रजत पदक दिलाने वाले राज्यवर्धन सिंह राठौड़ को खेल मंत्री बनाए जाने का स्वागत किया है। राजस्थान से आने वाले राठौड़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सासंद हैं और वे पूर्व खेल मंत्री विजय गोयल का स्थान लेंगे जिन्हें रविवार को कैबिनेट विस्तार में संसदीय कार्य, सांख्यिकी एवं कार्यक्रम क्रियान्वयन मंत्रालय मिला है।

राठौड़ की नियुक्ति का कई दिग्गज खिलाडिय़ों ने स्वागत किया है जिनमें बीजिंग ओलम्पिक-2008 में स्वर्ण पदक जीतने वाले निशानेबाज अभिनव बिंद्रा, भारत को कुश्ती में दो बार पदक दिलाने वाले पहलवान सुशील कुमार के अलावा पहलवान योगेश्वर दत्त के नाम शामिल हैं। बिंद्रा ने ट्वीट किया, राठौड़ को खेल मंत्री बनता देख खुश हूं। आपको शुभकामनाएं।

बीजिंग ओलम्पिक-2008 और लंदन ओलम्पिक-2004 में पदक जीतने वाले पहलवान सुशील कुमार ने ट्वीट किया, राज्यवर्धनजी को खेल मंत्री बनाए जाने पर बधाई। नई जिम्मेदारी के लिए आपको शुभकामनाएं। रियो पैरालम्पिक-2016 में भारत को पदक दिलाने वाली दीपा मलिक ने ट्विटर पर लिखा, सिर्फ राठौड़ को ही नहीं बल्कि पूरे खेल जगत को बधाई। पीएमओ ने सही व्यक्ति को सही विभाग दिया है। योग्श्वर ने ट्वीट किया, खेल मंत्री बनने पर बधाई हो।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

लंदन ओलम्पिक-2012 में भारत को कांस्य दिलाने वाले निशानेबाज गगन नारंग ने लिखा है, राठौड़ आप की पदोन्नति ने उम्मीदों को बढ़ा दिया है क्योंकि आप जानते हैं कि खिलाड़ी कैसे बनाए जाते हैं। दिल से बधाई। भारतीय हॉकी टीम के पूर्व खिलाड़ी वीरेन रसकिन्हा ने लिखा है, एक प्रेरणादायक ओलम्पिक पदकधारी अब खेल मंत्री है। भारतीय खेल के लिए अच्छे दिन आने वाले हैं। यूपीए सरकार में खेल मंत्री की जिम्मेदारी निभा चुके अजय माकन ने भी मोदी सरकार के राठौड़ को खेल मंत्री बनाए जाने के फैसले की तारीफ की है।

उन्होंने ट्विटर पर लिखा, खेल मंत्री की जिम्मेदारी दिए जाने पर राज्यवर्धन राठौड़ को बधाई। यह बात दूसरों के बारे में नहीं कह सकता। बॉलीवुड अभिनेता रणदीप हुड्डा ने ट्वीट किया, एक बार जो खिलाड़ी बन जाता है वो हमेशा खिलाड़ी रहता है। एक ओलम्पिक पदकधारी को खेलमंत्री बनाया गया है।

ये भी पढ़ें - रोहित ने दिखाया तगड़ा खेल, पर टॉप-10 में नहीं, ये दिग्गज है नं.1