मौलाना की अपील, बकरीद पर गाय की कुर्बानी से बचें मुस्लिम

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 01 सितम्बर 2017, 6:51 PM (IST)

नई दिल्ली। बकरीद पर कुर्बानी के नाम पर जानवरों की दी जाने वाली बलि के विरोध में खुद मुस्लिम समाज खड़ा हो गया है। मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के सदस्यों ने बकरीद के मौके पर जानवरों की कुर्बानी का कड़ा विरोध जताया है। वहीं, गुडग़ांव के मौलाना सलीम ने सामाजिक सौहार्द्र का महत्वपूर्ण संदेश देते हुए गायों की कुर्बानी को बंद कर देने की अपील की है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मुस्लिम मोर्चा चीफ मौलाना ने ईद के त्योहार से पहले कहा कि इस्लाम के अनुसार भी गाय की कुर्बानी से बचने की जरुरत है।

मौलाना सलीम ने कहा, ईद का पर्व खुशी का दिन है। त्योहार के अवसर पर ऐसा कोई भी काम नहीं होना चाहिए, जो दूसरे की परेशानी का सबब बने। बकरा-ईद के दिन कुर्बानी दी जाती है और यह गंदगी या किसी दूसरे की तकलीफ का कारण ना बने। जहां तक एक प्रमुख मुद्दा बन चुके गाय की कुर्बानी का सवाल है, तो मैं यही कहना चाहूंगा कि इससे पूरी तरह से बचें। उन्होंने कहा, इस्लाम के अनुसार भी गाय की कुर्बानी से बचने की जरुरत है। गाय की कुर्बानी को पूरी तरह से बंद कर देना चाहिए। गोहत्या पर प्रतिबंध का सरकार का फैसला सही है और इस मामले में सरकार का साथ देना चाहिए। इसमें सबका फायदा है।

इससे पहले मुस्लिम राष्ट्रीय मंच यूपी के सह-संयोजक अधिवक्ता खुर्शीद आगा ने भी कहा था कि बकरीद में कुर्बानी को लेकर समाज में अंधविश्वास फैला है, मुसलमान अपने आपको ईमान वाला तो कहता है, लेकिन वास्तव में अल्लाह की राह पर चलने से भ्रमित हो गया है। उन्होंने कुर्बानी का विरोध करते हुए प्रश्न उठाया कि कुर्बानी जायज नहीं है तो फिर जानवरों की कुर्बानी क्यों दी जा रही है?


ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे