दीपिका-प्रियंका सबसे ज्यादा कमाई करने वाले कलाकारों में शामिल

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 01 सितम्बर 2017, 2:19 PM (IST)

मुंबई। फोब्र्स मैगजीन की वर्ष 2017 में सबसे अधिक कमाई करने वाले शीर्ष 10 बॉलीवुड कलाकारों की सूची में केवल दो अभिनेत्रियां दीपिका पादुकोण और प्रियंका चोपड़ा जगह बना सकी हैं। सूची में पहले स्थान पर रईस शाहरुख खान हैं। दीपिका 1.10 करोड़ डॉलर की कमाई के साथ छठे स्थान पर है, जबकि प्रियंका और दीपिका के ब्वॉयफ्रेंड रणवीर सिंह 1 करोड़ डॉलर की कमाई के साथ संयुक्त रूप से सातवें स्थान पर हैं।

दोनों अभिनेत्रियों ने हॉलीवुड में भी अपनी शुरुआत की है। फोब्र्स डॉट कॉम की रिपोर्ट के मुताबिक, शाहरुख ने अपने समकालीन अभिनेताओं सलमान खान, अक्षय कुमार और आमिर खान को पीछे छोड़ दिया है, हालांकि उनकी पिछली कुछ फिल्मों जैसे फैन, दिलवाले और जब हैरी मेट सेजल ने कुछ खास कमाई नहीं की थी।

शाहरुख ने विज्ञापनों और उनके अपने रेड चिलीज एंटरटेनमेंट के सफल प्रोजेक्ट की मदद से 1 जून, 2016 और 1 जून, 2017 के बीच 3.8 करोड़ डॉलर की कमाई की है। सलमान उनसे ज्यादा पीछे नहीं हैं, वे इस सूची में 3.7 करोड़ डॉलर की कमाई के साथ दूसरे स्थान पर हैं।

सलमान ने विज्ञापनों के साथ-साथ फिल्म सुल्तान की सफलता से लाभ कमाया है। सलमान के बाद इस सूची में राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता अक्षय कुमार हैं। खिलाड़ी स्टार 3.55 करोड़ डॉलर की कमाई के साथ तीसरे स्थान पर हैं। उनकी कई फिल्में हिट रही हैं, जिनमें जॉली एलएलबी 2, नाम शबाना और टॉयलेट एक प्रेम कथा शामिल है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

फिल्म दंगल की अभूतपूर्व सफलता के साथ आमिर 1.25 करोड़ डॉलर की कमाई के साथ सूची में चौथे स्थान पर हैं। अभिनेता रितिक रोशन 1.15 करोड़ डॉलर कमाई के साथ शीर्ष पांच में शामिल हैं। रितिक की 2016 में आई फिल्म मोहनजोदारो बॉक्स ऑफिस पर असफल रही थी। अभिनेता ने 2017 में फिल्म काबिल से वापसी की। फोब्र्स के अनुसार, मेगास्टार अमिताभ बच्चन 90 लाख डॉलर और रणबीर कपूर 85 लाख डॉलर की कमाई के साथ नौवें और 10वें स्थान पर हैं।

कमाई का आंकड़ा बॉक्स ऑफिस इंडिया, बॉक्स ऑफिस मोजो और आईएमडीबी के आंकड़ों के साथ ही उद्योग के अंदरूनी सूत्रों के साक्षात्कार पर भी आधारित है। एक साथ बॉलीवुड के 10 सबसे अधिक भुगतान पाने वाले अभिनेताओं ने 1 जून, 2016 और 1 जून, 2017 के बीच 18.3 करोड़ डॉलर कमाया है। शाहरुख, सलमान और अक्षय को फोब्र्स मैगजीन के दुनिया के उच्चतम भुगतान पाने वाले अभिनेताओं की 2017 की सूची में क्रमश: आठवां, नौवां और 10वां स्थान मिला है।

ये भी पढ़ें - इसे कहते हैं ग्लैमरस Mom, रेड कॉर्पेट पर भी नहीं छोड़ा ऐश ने अराध्या हाथ