भारतीय बल्लेबाज हरमनप्रीत कौर ने इस बारे में नहीं सोचा था कभी

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 29 अगस्त 2017, 2:21 PM (IST)

नई दिल्ली। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड में आयोजित वनडे विश्व कप में धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए रनरअप ट्रॉफी जीती। फाइनल में भी उसने मेजबान इंग्लैंड को कड़ी टक्कर दी, लेकिन अंत में उसे 9 रन से हार मिली। स्वदेश लौटने के बाद भारतीय टीम को खूब वाहवाही मिलने के साथ पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया।

विश्व कप में बेहतरीन बल्लेबाजी का नजारा पेश करने वाली हरमनप्रीत कौर का चयन देश के प्रतिष्ठित खेल पुरस्कार अर्जुन अवार्ड के लिए किया गया है। हरमनप्रीत ने कहा कि उन्होंने कभी अर्जुन पुरस्कार हासिल करने के बारे में नहीं सोचा था जो उन्हें मंगलवार को यहां प्रदान किया जाएगा। हरमनप्रीत उन 17 खिलाडिय़ों में शामिल हैं जिन्हें राष्ट्रपति अर्जुन अवार्ड प्रदान करेंगे।

हरमनप्रीत ने राष्ट्रीय खेल प्रतिभा खोज पोर्टल के लांच के अवसर पर मीडिया से कहा कि एक खिलाड़ी के लिए सरकार से मिलने वाली किसी भी तरह की पहचान से आपका आत्मविश्वास बढ़ता है। अर्जुन पुरस्कार हासिल करना किसी भी खिलाड़ी का सपना होता है।


ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

मैं सरकार की आभारी हूं कि मुझे इस पुरस्कार के लायक समझा गया और मैं इसके लिए बहुत खुश हूं। इससे मुझे भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलेगी। हरमनप्रीत ने छह बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ विश्व कप सेमीफाइनल में 171 रन की धुआंधार पारी खेली थी। उन्होंने कहा कि वे चाहती हैं कि भारत में जल्द ही महिला आईपीएल की शुरुआत हो।

हरमनप्रीत ने कहा कि हमें बिग बैश लीग (ऑस्ट्रेलिया में), किया सुपर लीग (इंग्लैंड में) जैसी अन्य लीग में खेलने का मौका मिलता है। अगर भारत में महिला आईपीएल होता है तो यह बहुत बड़ा होगा। मुझे लगता है कि बीसीसीआई इस पर विचार कर रहा है। इससे पहले भारतीय कप्तान मिताली राज ने भी महिला आईपीएल की वकालत की थी।

ये भी पढ़ें - कोहली ने शेयर की ये फोटो, देखें अन्य भारतीय क्रिकेटर्स की भी राखी