भाजपा भगाओ...लालू के मंच से तेजस्वी, अखिलेश ने PM मोदी-नीतीश को यूं घेरा

www.khaskhabar.com | Published : रविवार, 27 अगस्त 2017, 3:57 PM (IST)

पटना। पटना के गांधी मैदान में भाजपा भगाओ-देश बचाओ रैली में लालू के मंच से बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जमकर हमला बोला। अखिलेश यादव ने भाजपा को डिजिटल इंडिया की पार्टी बताते हुए कहा कि भाजपा ने देश के किसानों और गरीबों को पीछे कर दिया है। पटना के गांधी मैदान में भाजपा भगाओ-देश बचाओ रैली में जुटी एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए सपा नेता ने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि नोटबंदी से भ्रष्टाचार खत्म हो जाएगा, आतंकवाद खत्म हो जाएगा। हम बिहार की जनता से पूछना चाहते हैं कि आखिर कोई फायदा हुआ। पैसा काला-सफेद नहीं होता। लेन-देन के तरीके से होता है।

अखिलेश ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को डीएनए वाला चाचा बताते हुए कहा कि आज बिहार और उत्तर प्रदेश की जनता बाढ़ से त्रस्त है। अब पैकेज भी दे दिया जाएगा। परंतु उन लोगों के लिए क्या होगा जिनकी जान चली गई और गाय और भैंस की मौत हो गई। बिहार की धरती को क्रांतिकारी धरती बताते हुए अखिलेश ने कहा कि जब यह धरती रथ रोक सकती है तो भाजपा को भी रोक सकती है। उन्होंने यहां के लोगों से भाजपा को रोकने की अपील की। राम मंदिर आंदोलन के दौरान भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी की रथयात्रा को बिहार में राज्य सरकार ने रोक दिया था।

अखिलेश ने पिछली उनकी सरकार द्वारा उत्तर प्रदेश में चलाई गए कई विकास योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि वहां समाजवादियों ने कई अभूतपूर्व काम किए। उन्होंने कहा कि देश में 80 प्रतिशत लोगों का आधार कार्ड बन चुका है, लेकिन लोगों को उनका हक नहीं मिला है। उन्होंने बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद से कहा कि आपकी जिम्मेदारी छिन गई, लेकिन अगर आप सेवा करोगे तो आपको आगे बढऩे से कोई नहीं रोक सकता।


तेजस्वी ने भी मोदी-नीतीश पर बोला हमला


इससे पहले बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि नीतीश हमारे चाचा थे और रहेंगे परंतु वे अच्छा चाचा नहीं हैं। उन्होंने नीतीश के जनता दल (युनाइटेड) को नकली जद (यू) बताते हुए कहा कि असली जद (यू) शरद चाचा का है। तेजस्वी ने पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में राजद द्वारा आयोजित भाजपा भगाओ-देश बचाओ रैली में आए लोगों को संबोधित करते हुए कहा, नीतीश जी हमारा साथ छोडक़र भले ही चले गए, लेकिन महागठबंधन टूटा नहीं है। असली जद (यू) के नेता हमारे चाचा शरद यादव हैं। हमारे चाचा नीतीश जी की आज से उल्टी गिनती शुरू हो गई है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए युवाओं से कहा, आप लोग जो हर-हर मोदी, घर-घर मोदी का नारा लगाते थे, वो बड़-बड़ मोदी और गड़बड़ मोदी हैं। उन्होंने कहा, हमारे प्रिय चाचा नीतीश जी और भाजपा की आज से उल्टी गिनती शुरू हो गई। तेजस्वी यादव ने पीएम मोदी और नीतीश कुमार पर जमकर हमला बोला है। तेजस्वी ने कहा कि नीतीश 28 साल के नौजवान से डर गए। सृजन घोटाले पर तेजस्वी ने कहा कि इसमें बीजेपी और जेडीयू के लोग शामिल है।



ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

महागठबंधन तोडऩे पर तेजस्वी ने कहा कि तेजस्वी तो बहाना था, उन्हें तो सृजन घोटाला छुपाना था। सृजन घोटाले में 2 लोगों की मौत हो चुकी है। जो मुख्य आरोपी था, जो सब जानता था, उसकी मौत हो गई। नीतीशजी बताइए अब कहां गया आपका सिद्धांत। नरेंद्र मोदी बिहार आए थे, उन्होंने नीतीशजी के डीएनए को गाली दिया। नीतीशजी धोखेबाज है। ऐसा कोई सगा नहीं, जिसको नीतीशजी ने ठगा नहीं। उन्होंने जॉर्ज फर्नांडिस, दिग्विजय सिंह, शरद यादव, महागठबंधन के लोगों को धोखा देने का काम किया। तेजस्वी ने कहा कि महागठबंधन टूटा नहीं है। असली जदयू हमारे अभिभावक शरद यादव का है। उनको डराया गया कि आप रैली में नहीं जाएंगे। नीतीशजी ने कहा कि संघ मुक्त भारत का निर्माण करना है। आज वो उन्हीं के साथ चले गए। नीतीशजी मेरे चाचा है और रहेंगे लेकिन वो अच्छे चाचा नहीं है।

ये भी पढ़ें - चोटी कटने के मामले में हुआ पहला खुलासा, इनाम के लालच में किया यह काम