हरियाणा में हिंसा के चलते अब तक 37 लोगों की मौत, 269 हुए जख्मी

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 26 अगस्त 2017, 8:51 PM (IST)

नई दिल्ली। डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम को रेप के मामले में सीबीआई की विशेष कोर्ट से दोषी ठहराए जाने के बाद पांच राज्यों में भडक़ी हिंसा अब थम गई है। धीरे-धीरे हालात सामान्य होते नजर आ रहे है। लेकिन, हरियाणा में हिंसा के चलते 37 लोगों की मौत हो गई है। हरियाणा के डीजीपी बीएस संधू ने शनिवार को कहा कि हरियाणा हिंसा में कुल 37 लोगों की मौत हुई है। जिनमें से 30 लोगों की मौत समर्थकों को काबू में करने के लिए सुरक्षा बलों द्वारा की गई गोलीबारी में हुई। हिंसा में सुरक्षा कर्मियों सहित 269 लोग घायल हुए हैं। हरियाणा के डीजीपी बीएस संधू ने कहा कि पंजाब के पंचकूला में 31 लोग मारे गए, उसमें 30 लोगों की मौत गोली लगने की वजह से हुई और 1 व्यक्ति की मौत सिर पर गंभीर चोट लगने की वजह से हुई है। वहीं, सिरसा में हिंसा के चलते 6 लोगों की मौत हुई। उन्होंने कहा कि पुलिस ने 552 उपद्रवियों को गिरफ्तार किया है। हिंसा के मामलों में 34 केस दर्ज किए गए हैं।

संधू ने कहा कि डेरा प्रमुख को सजा सुनाने के लिए सुरक्षा कारणों से पंचकूला नहीं लाया जाएगा। उसे वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से सजा सुनाई जा सकती है, या जरूरत पड़ी तो अदालत को वहां (रोहतक जेल में) लगाया जाएगा। हरियाणा के डीजीपी ने उन खबरों को खारिज किया कि दोषसिद्ध अपराधी धार्मिक गुरु को जेल में राज्य प्रशासन और पुलिस द्वारा वीआईपी सुविधा दी जा रही है। डीजीपी ने हालांकि इसके बारे में सफाई नहीं दी कि डेरा प्रमुख की बेटी का दावा करने वाली एक महिला को धर्मगुरु को हिरासत में लेने के बाद हेलीकॉप्टर में जेल ले जाने के दौरान साथ ले जाने की अनुमति क्यों दी गई।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

आपको बता दें कि सीबीआई की विशेष अदालत ने शुक्रवार को राम रहीम को दो महिला शिष्याओं से दुष्कर्म और छेड़छाड़ के मामले में दोषी ठहराया है। राम रहीम पर सजा का ऐलान सोमवार को होगा। इसके लिए रोहतक की जेल में ही कोर्ट रूम बनाया जाएगा। राम रहीम पर फैसला सुनाने वाले जज भी हेलीकॉप्टर से रोहतक पहुंचेंगे। इस दौरान रोहतक जेल के आसपास सेना की तैनाती रहेगी, ताकि डेरा समर्थक यहां नहीं पहुंच पाएंग। राम रहीम पर वर्ष 2002 में दो साध्वियों से दुष्कर्म करने का आरोप है। इस मामले की अदालत में सुनवाई 2008 में शुरू हुई थी।

ये भी पढ़ें - ठगों ने बजाया कुंवारों का बैंड,ठगे लाखों