डेरा प्रमुख पर फैसले से पहले पंचकुला मेें सेना तैनात, आधी रात समर्थकों पर एक्शन

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 24 अगस्त 2017, 10:45 PM (IST)

चंडीगढ़। डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह के खिलाफ दुष्कर्म के मामले में पंचकुला में सीबीआई की विशेष अदालत के फैसले के एक दिन पहले गुरुवार देर रात डेरा समर्थकों को हटाने का काम शुरू हो गया है। पंचकुला में 6-7 लाख डेरा समर्थकों के डेरा डालने के बाद सेना की तैनाती हो गई है। फिलहाल, पुलिस ने डेरा समर्थकों को हटाने का काम शुरू कर दिया है। अगर डेरा समर्थन हटने को तैयार नहीं होते है तो प्रशासन सख्त एक्शन लेगा। सीबीआई की विशेष अदालत शुक्रवार को डेरा प्रमुख के खिलाफ 2007 से चल रहे मामले पर फैसला सुनाएगी। पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट की सख्त टिप्पणियों के बाद हरियाणा सरकार ने डेरा समर्थकों को पंचकूला से हटाने का फैसला किया है।

इधर, बाबा ने देर रात वीडियो जारी कर अपने समर्थकों से शांति बनाए रखने की अपील की है। जगह-जगह लाउड स्पीकर लगाए गए है ताकि डेरा समर्थक बाबा की विनती को सुन सकें। बाबा ने समर्थकों से अपील की है कि कल आने वाले कोर्ट के फैसले का सम्मान करें और शांति बनाए रखे। इससे पहले हरियाणा के डीजीपी बी. एस. संधू ने देर रात प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि गुरुवार आधी रात के बाद पंचकूला से डेरा समर्थकों को हटाया जाएगा और शुक्रवार को पंचकूला में सेना फ्लैग मार्च करेगी। संधु ने बताया कि इस इलाके में सेना की 20 टुकडियां तैनात की गई है। चंडीगढ़ और पंचकुला में कर्फ्यू जैसे प्रतिंबध लगाए हैं।

डेरा प्रमुख पर फैसले से पहले कर्फ्यू जैसे हालात

- शुक्रवार को पंचकूला में सेना फ्लैग मार्च करेगी।

-हरियाणा के डीजीपी बी. एस. संधू ने देर रात प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि गुरुवार आधी रात के बाद पंचकूला से डेरा समर्थकों को हटाने का काम शुरू होगा।

-हरियाणा रोडवेज ने चंडीगढ़ और पंचकुला के लिए बसें चलानी बंद कर दी हैं।

- शुक्रवार को हरियाणा जाने वाली 22 ट्रेनों को भी रद्द कर दिया गया है। उत्तर रेलवे के एक अधिकारी ने कहा कि गुरुवार को भी हरियाणा जाने वाली छह एक्सप्रेस और ग्यारह पैसेंजर ट्रेनों को रद्द कर दिया गया।

-गुरमीत राम रहीम के लगभग दो लाख अनुयायी पहले ही पंचकुला और इसके आसपास के क्षेत्रों में पहुंच गए हैं।

-सभी अटकलों को समाप्त करते हुए डेरा प्रमुख ने शुक्रवार को अदालत में उपस्थित रहने के आदेश को मानते हुए अपने एक ट्वीट में कहा, मैंने हमेशा कानून का सम्मान किया है। मेरी पीठ में दर्द के बावजूद मैं कानून का पालन करूंगा और अदालत जाऊंगा।

-डेरा प्रमुख ने अपने अनुयायियों से शांति बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि वह भगवान में विश्वास रखते हैं और सभी को शांति बनाए रखनी चाहिए।

-पंजाब और हरियाणा में करीब 15,000 अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है।

-हरियाणा रोडवेज ने चंडीगढ़ और पंचकुला तक और लोगों को पहुंचने से रोकने के लिए दो दिन के लिए अपनी बसों की सेवा रोक दी है।

- चंडीगढ़ से 45 किलोमीटर दूर अंबाला शहर में किसी भी सरकारी, निजी और अन्य वाहन को जाने की अनुमति नहीं है।

-हरियाणा के मुंख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने सभी मंत्रियों और विधायकों से फैसले के दिन यानी 25 अगस्त तक अपने निर्वाचन क्षेत्रों में रहने को कहा है।

-हरियाणा के अतिरिक्त मुख्य सचिव राम निवास ने कहा अदालत के फैसले से संबंधित किसी भी अफवाह को फैलने से रोकने के लिए अगले तीन दिनों तक हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में मोबाइल इंटरनेट सेवा को बंद कर दिया गया है।

- स्थिति सामान्य होने तक बंदूकें लेकर यात्रा करने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। इसके साथ ही लाइसेंसधारकों को भी बंदूकें एवं गोला-बारूद बेचने वाली निजी दुकानों को बंद करने के आदेश दिए गए हैं।

-हरियाणा सरकार ने शुक्रवार तक पंचकुला जिले में सभी कॉलेजों और पुस्तकालयों को बंद कर दिया है। चंडीगढ़ में शनिवार तक के लिए सभी स्कूल बंद कर दिए गए हैं। इसके साथ ही चंडीगढ़ में शुक्रवार को सभी सरकारी कार्यालयों में छुट्टी घोषित कर दी गई है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

- पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने वीवीआईपी सुरक्षा में लगे 1,000 सुरक्षाकर्मियों को घटाने और उन्हें राज्य की सुरक्षा में लागने के निर्देश दिए हैं।

-हरियाणा के अतिरिक्त मुख्य सचिव राम निवास ने कहा कि सरकार जरूरत पडऩे पर सेना भी बुला सकती है और कर्फ्यू भी लगा सकती है।

-पंचकुला में दंगा नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है। पंचकुला में चौधरी ताऊ देवी लाल स्टेडियम और सिरसा में दलबीर सिंह इंडोर स्टेडियम को विशेष जेल घोषित किया गया है।

-गुरमीत राम रहीम के पंजाब व हरियाणा व दूसरे राज्यों में लाखों अनुयायी हैं। गुरमीत राम रहीम पर उनकी पूर्व महिला अनुयायी ने डेरा शिविर में उससे कई बार दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। यह डेरा शिविर हरियाणा के सिरसा के बाहरी इलाके में है। यह चंडीगढ़ से 260 किमी दूर है।

ये भी पढ़ें - आज भी याद दिलाता है अकबरी शान को तख्ते अकबरी