राम रहीम फैसले से पहले पंजाब में हाई अलर्ट, पुलिस पूरी तरह एक्शन में

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 23 अगस्त 2017, 4:50 PM (IST)

चंडीगढ़। डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम के खिलाफ चल रहे साध्वी की यौन प्रताड़ना मामले में फैसला आने से पूर्व पंजाब में कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। पंजाब में पहले ही हाई अलर्ट घोषित किया गया है। पंचकुला अदालत को 25 अगस्त को डेरा प्रमुख को लेकर अपना फैसला सुनाना है। पंजाब के साथ हरियाणा में भी इसी तरह का माहौल चल रहा है। चप्पे-चप्पे पर पुलिस व सेनाबल तैनात है। दोनों राज्यों में अद्धसैनिक बलों की 100 कंपनियां पहुंच चुकी है। डेरा प्रमुख के अनुयाईयों की ओर से किसी भी अप्रिय वारदातों को देखते हुए यह सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। पंजाब को पूरी तरह सील किया जा चुका है और भटिंडा में भारी संख्या में सुरक्षा बल पहुंचाए गए हैं जिन्होंने अद्र्धसैनिक बलों जैसे सीआरपीएफ, रैपिड एक्शन फोर्स के साथ फ्लैगमार्च भी निकाला है। मोगा व आसपास क्षेत्रों में भी सुरक्षा को बढ़ाया गया है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिन्दर सिंह ने अदालत के संभावित फैसले से पूर्व कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति को किसी भी कीमत पर भंग नहीं होने देंगे। उन्होंने राज्य पुलिस को निर्देश दिए कि वह अमन व शांति को हर कीमत पर बनाकर रखें। मुख्यमंत्री ने लोगों से से अपील की है कि अदालत के फैसले को स्वीकार करें। मुख्यमंत्री ने डीजीपी सुरेश अरोड़ा को व्यक्तिगत तौर पर निर्देश दिए कि वह संवेदनशील क्षेत्रों में स्वयं जाकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले।

ये भी पढ़ें - आज भी याद दिलाता है अकबरी शान को तख्ते अकबरी