नई दिल्ली। सिक्किम के डोकलाम में करीब दो महीने से भारत और चीनी सेना के बीच गतिरोध जारी है। चीन बार-बार भारत को युद्ध की धमकी दे रहा है। इसी बीच खबर आ रही है कि युद्ध के माहौल के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चीन जाएंगे। पीएम मोदी सितंबर के पहले सप्ताह में चीन जाएंगे ओर यहां 3 से 5 सितंबर के बीच आयोजित होने वाले ब्रिक्स देशों के सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। विदेश मंत्रालय की ओर से शुक्रवार को यह जानकारी दी गई है। आपको बता दें कि ब्रिक्स देशों में ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका शामिल है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने शुक्रवार को मीडिया को बताया कि चीन के साथ डोकलाम में जारी गतिरोध बेहद संवेदनशील मुद्दा है और इस पर हर बात मीडिया से साझा नहीं की जा सकती। हालांकि, उन्होंने चीनी के सरकारी मीडिया की ओर से भारत का मजाक बनाने वाले विडियो पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि इस पर टिप्पणी करके मैं उस विडियो को महत्व नहीं देना चाहता।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
15 अगस्त के मौके पर लद्दाख में चीन और भारतीय सेना के बीच हुई झड़प पर उन्होंने कहा कि इस घटना के बाद सेना के अधिकारियों के बीच बैठक हुई थी। रवीश कुमार ने कहा कि मैं इस बात की पुष्टि नहीं कर सकता कि वहां पत्थरबाजी हुई थी या फिर रॉड्स का इस्तेमाल किया गया था। यह जरूर कह सकते हैं कि वहां कुछ घटना हुई थी। ब्रह्मपुत्र नदी के हाइड्रोलॉजिकल डेटा को चीन द्वारा साझा न किए जाने पर उन्होंने कहा कि इस साल हमें यह नहीं मिला है, लेकिन इसे मौजूदा विवाद से जोडक़र नहीं देखा जा सकता।
ये भी पढ़ें - शो स्टॉपर मुग्धा गोड़से ने बिखेरे फैशन के रंग