21 अगस्त को 12 विश्वविद्यालयों पर ताले लगाएगी इनसो

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 17 अगस्त 2017, 5:27 PM (IST)

रोहतक। छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग को लेकर इनसो प्रदेश के 12 विश्वविद्यालयों में 21 अगस्त को अनिश्चितकाल के लिए ताला लगाएगी। एमडीयू में इनसो कार्यकर्ताओं की मीटिंग लेने पहुंचे इनसो के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिग्विजय चौटाला ने ऐलान किया कि पूरे प्रदेश में तालाबंदी की जाएगी और अन्य छात्र संगठनों का भी सहयोग लिया जाएगा।

हिसार के सांसद दुष्यंत चौटाला भी तालाबंदी करने में हिस्सा लेंगे और तब तक विश्वविद्यालयों नहीं चलने देंगे, तब तक छात्र संघ चुनावों को लेकर मुख्यमंत्री कोई ठोस कार्यवाही नहीं करेंगे।

छात्र संघ चुनावों को लेकर इनसो ने अब सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इनसो ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने छात्र संघ चुनाव की बहाली का मुद्दा अपने चुनावी घोषणा-पत्र में शामिल किया था। लेकिन अढाई साल बीतने के बाद भी सरकार ने कोई पहल नहीं की। बार-बार आश्वासन दिए जा रहे हैं, लेकिन धरातल पर कुछ नहीं हो रहा। इनसो इस मुद्दे को लेकर 21 अगस्त से प्रदेश के 12 विश्वविद्यालय में हडताल शुरू करेगी और तब तक जारी रहेगी, जब तक मुख्यमंत्री छात्र संघ चुनाव की प्रक्रिया शुरू नहीं करवाएंगे।

दिग्विजय चौटाला ने आरोप लगाया कि शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा छात्रों को बरगलाने का प्रयास कर रहे हैं। छात्र राजनीति से गरीब परिवारों के युवा राजनीति में आते हैं, लेकिन सरकार उन रास्तों को बंद करना चाहती है। हम इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे, बेशक हमारे इस कदम को कोई कुछ भी नाम दे, लेकिन हम विश्वविद्यालयों पर ताले जरूर लगाएंगे। इस बार शिक्षा मंत्री के आश्वासन पर हडताल वापिस नहीं लेंगे, जब तक सीएम खुद आकर छात्र संघ चुनाव की प्रक्रिया को शुरू नहीं कराएंगे, हडताल जारी रहेगी।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे