शिमला। एचआरटीसी की बसों को अब ट्रेनों में मिलने वाली सुविधाओं से लैस किए जाने की तैयारी चल रही है। अब एचआरटीसी की बसों में भी पैक्ड फूड मिलने लगेगा। महज 60 रुपये में दो सैंडविच, पनीर कटलेट और पानी की बोतल यात्रियों को दी जाएगी। पहले चरण में लंबे रूटों पर चलने वाली लगभग 250 बसों में यह सेवा आरंभ की जाएगी। स्वतंत्रता दिवस पर नाहन में तिरंगा फहराने आए परिवहन मंत्री जीएस बाली ने यह एलान किया है। कार्यक्रम के बाद पत्रकारों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि टैक्सी चालक और निजी बस ऑपरेटरों के चालकों को दुर्घटना में सुविधा नहीं मिल रही है जिसके लिए सरकार नई योजना शुरू करेगी। ताकि निजी चालकों को भी वन टाइम कंपनसेशन मिल सके। इससे प्रदेश के लगभग चार लाख वाहन चालकों को फायदा होगा।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
बात को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने बताया कि राज्यों में शीघ्र ही लगभग 40 सुपर डीलक्स बसें (हिम सेवा) चलाई जाएगी। वोल्वो जैसी इन बसों में साधारण किराया लगेगा। उन्होंने पांवटा साहिब से मणिकर्ण साहिब के मध्य सुपर फास्ट बस सेवा भी एक महीने के भीतर आरंभ करने की घोषणा की। उन्होंने नाहन बस अड्डा के नवीनीकरण के लिए तीन करोड़ की राशि स्वीकृत की। साथ एक सप्ताह के भीतर एक करोड़ रुपये की राशि जारी करने का भी एलान किया। हिमाचल पथ परिवहन निगम नाहन की कर्मशाला के सुधार के लिए 50 लाख, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी कार्यालय के भवन निर्माण के लिए 50 लाख तथा आरटीओ कार्यालय में फर्नीचर खरीदने के लिए पांच लाख रुपये देने की घोषणा की।
इस मौके पर मुख्य संसदीय सचिव विनय कुमार, अध्यक्ष हिमफैड अजय बहादुर सिंह, अध्यक्ष जिला परिषद दिलीप चौहान, अध्यक्ष जिला कांग्रेस समिति अजय सोलंकी, अध्यक्ष रोजगार सृजन एवं संसाधन संचालन समिति हर्षवर्धन चौहान, विधायक डॉ. राजीव बिंदल, उपायुक्त सिरमौर बीसी बडालिया और पुलिस अधीक्षक रोहित मालपानी सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें - ये बच्चे बंद आंखों से पढते हैं,सूंघकर बताते हैं रंग