भारतीय सेना को आधुनिक उपकरणों से लैस करने के लिए US तैयार

www.khaskhabar.com | Published : रविवार, 13 अगस्त 2017, 11:26 PM (IST)

वाशिंगटन। दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाले देश को भविष्य के खतरे के तौर पर देखा जा रहा है और उसको आतंकवाद के समकक्ष रखा जा रहा है। चीन की स्थिति पर हैरान करने वाला यह आकलन अमेरिका के शीर्ष कमांडर ऐडमिरल हैरी हैरिस का है। साथ ही उन्होंने कहा कि यूएस भारतीय सेना के आधुनिकीकरण में मदद के लिए तैयार है। अमेरिका और भारत मिलकर भारतीय सैन्य क्षमताओं में अहम और सार्थक तरीके से सुधार कर सकते हैं। एडमिरल हैरिस ने कहा, भारतीय सेनाओं को आधुनिक उपकरणों से लैस करके और सैनिकों को प्रशिक्षण देकर अमेरिका उन्हें और प्रभावशाली बना सकता है। दोनों देशों बीच पिछले दशक में 15 अरब डॉलर रक्षा क्षेत्र का कारोबार हुआ है, जो आने वाले वर्षों में बढऩे की उम्मीद है। मजबूत भारत से सभी का लाभ है।

भारत और अमेरिका के बीच प्रगाढ़ रक्षा संबंधों के लिए व्यक्तिगत तौर पर प्रयास कर रहे हैरिस ने कहा, यह महत्वपूर्ण है और मेरा मानना है कि साथ मिलकर हम भारत की सैन्य क्षमताओं में महत्वपूर्ण व सार्थक तरीके से सुधार करने में सक्षम होंगे। ऐडमिरल ने कहा कि आज दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग का जो स्तर है, उससे वह काफी खुश हैं। हम मालाबार सैन्य अभ्यास श्रृंखला में कई सालों से इंडिया के पार्टनर हैं। मैंने सबसे पहले सैन्य अभ्यास में हिस्सा भी लिया था जो 1995 में हुआ था। उन्होंने कहा कि वह बहुत खुश हैं कि जापान भी अब मालाबार सैन्य अभ्यास का हिस्सा है। ऑस्ट्रेलिया के भी अभ्यास में हिस्सा लेने की वकालत करते हुए ऐडमिरल हैरिस ने कहा, मैं समझता हूं कि भारत, जापान और अमेरिका के बीच त्रिपक्षीय संबंध बहुत ही अहम हैं। ऐडमिरल ने एक सवाल के जवाब में कहा, हम साथ मिलकर ऑस्ट्रेलिया को अभ्यास में शामिल कर सकते है।

हिंद महासागर में भारत और अमेरिका के बीच कई साझा हित जुड़े हुए हैं। लेकिन वास्तव में यह फैसला भारत को लेना है उसके बाद बुलावा दिए जाने पर ऑस्ट्रेलिया को शिरकत को लेकर फैसला लेना है। मैं इसका फैसला इन दोनों देशों पर छोड़ूंगा। उन्होंने कहा अमेरिकी सैन्य व्यवस्था में प्रशांत क्षेत्र के अंतर्गत ही दक्षिण चीन सागर और उत्तर कोरिया का आता है, जहां पर आने वाले दिनों टकराव की सबसे ज्यादा आशंका है। हैरिस ने कहा कि भविष्य का सबसे बड़ा खतरा आक्रामक और किसी भी तरह से आगे बढऩे की इच्छा पाले चीन है। लेकिन इस समय का सबसे बड़ा खतरा उत्तर कोरिया है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

इसके अतिरिक्त जो बड़ा खतरा अमेरिका सहित दुनिया के ज्यादातर देश झेल रहे हैं वह आतंकवाद है। आईएसआईएस और दूसरे आतंकी संगठन अलग-अलग देशों में हमले करके निर्दोष लोगों को मार रहे हैं और संपत्ति को नुकसान पहुंचा रहे हैं। फिलीपींस के मरावी शहर का जिक्र करते हुए एडमिरल हैरिस ने कहा कि हम वहां पर फिलीपींस की सेना का सहयोग कर रहे हैं। जल्द ही शहर पर पुन: कब्जा पाने की उम्मीद है। मुस्लिम बहुल यह शहर कई महीनों से आतंकियों की गिरफ्त में है और वहां पर सेना और आतंकियों के बीच संघर्ष चल रहा है।

ये भी पढ़ें - यहां दीपक की लौ के रूप में आकर स्थापित हुईं मां चामुंडा