धौलपुर में शव दफनाने के लिए नहीं मिली दो गज जमीन

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 12 अगस्त 2017, 8:07 PM (IST)

धौलपुर। बसेड़ी उपखंड के गांव सलेमपुर में दफन के लिए दो गज जमीन नसीब नहीं होने पर चार घंटे तक घर के सामने पड़ा रहा मौनी मनिहार का शव। विवाद बढ़ता देख भारी पुलिस जाप्ता के साथ प्रशासन मौके पर पहुंचा। प्रशासन ने आनन-फानन में दस बिस्वा जमीन कब्रिस्तान के लिए आवंटित कर मौनी मनिहार का शव दफन कराया।

मामला यूं है कि अल्पसंख्यक वर्ग से ताल्लुक रखने वाले मौनी मनिहार की शनिवार को एसएमएस अस्पताल जयपुर में उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। परिजन शव को लेकर सलेमपुर गांव पहुंचे तो अंतिम संस्कार के लिए दो गज जमीन का संकट पैदा हो गया। कब्रिस्तान की जमीन पर पक्के मकान बन चुके थे तो अन्य जगह पर लोग शव दफनाने को तैयार नहीं थे।
असमंजस की स्थिति में ग्रामीणों ने शव को मृतक के घर पर दफनाने का निर्णय ले लिया। इसकी सूचना मिलते ही प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए।


ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

कब्रिस्तान के लिए बीते कई वर्ष से ग्रामीण जिला प्रशासन के चक्कर लगाते-लगाते थक गए थे। वहीं आज यह समस्या जब प्रशासन के गले की फांस बनती दिखाई दी तो मौके पर भारी पुलिस जाप्ता के साथ प्रशासन ने पहुंच कर आनन-फानन में दस बिस्वा जमीन कब्रिस्तान के लिए आवंटित कर मौनी मनिहार के शव को दफन कराया गया।


ये भी पढ़ें - जेल जाने से बचाती हैं यह माता! चढ़ाते हैं हथकड़ी

तहसीलदार एवं कार्यपालक मजिस्ट्रेट अलका श्रीवास्तव ने बताया कि सलेमपुर गांव में कब्रिस्तान की कोई भूमि नहीं थी। पहले जहां यह लोग दफनाते थे, वह भूमि खातेदारी की थी। जयपुर में मृत्यु हुई और शव को लाने में देरी हुई। विवाद वाली कोई स्थिति नहीं है। तहसीलदार ने बताया कि कब्रिस्तान के लिए दस बिस्वा जमीन आवंटित कर शव को दफन करा दिया गया है।


ये भी पढ़ें - राजस्थान में जन्मा मेंढक जैसा बच्चा